| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
कॉमनवेल्थ खेलों में लॉन बॉल स्पर्धा में रजत समेत दर्जनों राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी चंदन कुमार सिंह ने गोवा राष्ट्रीय खेलों के लिए घोषित झारखंड टीम में साजिशन बाहर करने का आरोप लगाया है। चंदन ने झारखंड लॉन बॉल संघ के महासचिव मधुकांत पाठक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्य सचिव, खेल सचिव व खेल निदेशक को ईमेल द्वारा पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। चंदन ने पत्र के साथ सात पन्नों का एनेक्सचर भी लगाया है और बताया है की उनका आधार कार्ड, पासपोर्ट और पूरी पढ़ाई रांची से ही हुई है और वे लगातार 2008 से 2023 तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में झारखंड की ओर से शामिल होकर देश व राज्य का नाम रौशन करते आ रहे हैं। प्रदर्शन के आधार पर खेल निदेशालय ने उन्हें दर्जनों बार कैश अवॉर्ड व छात्रवृति भी प्रदान की है फिर सरकार के निर्देश का हवाला देते हुए मधुकांत पाठक ने एक पत्र लिखकर षड्यंत्रपूर्वक टीम से बाहर रखने की साजिश रची। इसी कारण मुझे मजबूरी में दूसरे राज्य का प्रतिनिधित्व करना पड़ रहा है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल लॉन बॉल संघ के महासचिव मधुकांत पाठक ने चंदन को एक पत्र लिखकर बताया था कि सरकार के निर्देशों के अनुसार अब वे झारखंड टीम के लिए खेलने के अयोग्य हो गए हैं। जबकि सरकार की ओर से ऐसा कोई निर्देश ही नहीं दिया गया था। पहले चंदन ही मधुकांत पाठक के लिए खिलाड़ियों से “वसूली” करने के लिए अधिकृत था। पिछले चार वर्षों से “लेनदेन” को लेकर खटपट के बाद दोनों पक्ष एक दूसरे को निपटाने में जुट गए हैं।
12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री व खेल मंत्री ने किया पुरस्कृत
12 अक्टूबर को खेल गांव में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री व खेल मंत्री ने कॉमनवेल्थ खेलों में रजत पदक जीतने पर चंदन को 25 लाख रुपए की पुरस्कार दिया था। खेल निदेशक ने पत्र लिखकर चंदन को कॉमनवेल्थ खेलों के लिए पदक के बदले कैश अवॉर्ड लेने के लिए बकायदा आमंत्रित किया था।
इस विषय पर sportsjharkhand.com ने 27 सितंबर को
निजी खुंदक में खेल निदेशालय के निर्देश की गलत व्याख्या कर कॉमनवेल्थ गेम्स के रजत पदक विजेता चंदन कुमार सिंह को झारखंड लॉन बॉल टीम से किया गया बाहर
चंदन को गोवा राष्ट्रीय खेलों से बाहर रखने की साजिश में जुटा है झारखंड बॉलिंग एसोसिएशन
शीर्षक से खबर छापी थी।







