| रांची
sportsjharkhand.com EXCLUSIVE |
1 जून 2025 को दिवंगत हो चुकी हॉकी की प्रशिक्षक प्रतिमा बरवा समेत 5 प्रशिक्षकों के संविदा विस्तार नहीं करने पर सिमडेगा के जिला खेल पदाधिकारियों (DSO) से खेल निदेशालय ने कारण पृच्छा की है। आश्चर्य है कि प्रतिमा बरवा का निधन खूंटी में प्रशिक्षक रहते हुए था लेकिन कारण पृच्छा सिमडेगा DSO से की जा रही है। यही नहीं दिवंगत प्रतिमा बरवा के अलावा 3 साल पहले खेल निदेशालय की नौकरी छोड़ स्कूल में शारीरिक शिक्षक बन चुके प्रभात रंजन तिवारी, 1 साल पहले नौकरी छोड़ चुके बैडमिंटन प्रशिक्षक इमरान अली, लगभग 1 साल पहले नौकरी छोड़ चुके फुटबॉल प्रशिक्षक संजय कुमार चौधरी और खिलाड़ियों से दुर्व्यवहार के आरोप के बाद करीब छह माह से प्रशिक्षण कार्य से रोक दिए गए हॉकी प्रशिक्षक गोला सुधीर के अवधि विस्तार (APAR) नहीं करने को लेकर खेल निदेशालय के उप सचिव ने 18 नवंबर को पत्रांक क्री.नि 05/प्रशिक्षण केंद्र 04/2025/848 लिखकर रांची, देवघर, सिमडेगा, गुमला और हजारीबाग के DSO से कारण पृच्छा की गई है। DSO से पूछा गया है कि “उपर्युक्त पांच प्रशिक्षकों की संविदा अवधि विस्तार हेतु अनुशंसा क्यों नहीं की गई, इसकी वांछित सूचना खेल कूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड रांची को यथाशीघ्र उपलब्ध कराई जाए।” पत्र सार्वजनिक होते ही ये भी साफ़ हो चुका है कि झारखंड में खेल को लेकर अधिकारी कितने असंवेदनशील हैं।


हॉकी प्रशिक्षक प्रतिमा बरवा के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुःख प्रकट करते हुए अपनी श्रद्धांजलि सोशल साइट्स X के जरिए दी थी।


| उप सचिव जय प्रकाश करमाली से सीधी बात
सवाल : दिवंगत हो चुके प्रशिक्षक के संदर्भ में DSO को पत्र क्यों जारी किया गया है ? जवाब : हमलोगों ने काफी सोच समझ कर पत्र जारी किया है। इसमें किसी प्रकार की त्रुटि नहीं है। सवाल : दिवंगत प्रतिमा बरवा खूंटी में पदस्थापित थीं तो सिमडेगा DSO से कारण पृच्छा क्यों की गई है ? जवाब : संभव है प्रतिमा बरवा खूंटी से पहले सिमडेगा में पदस्थपित रहीं हों, इसलिए वहीं पत्र भेजा गया है। सवाल : निदेशालय की विहित प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीन साल पहले काम छोड़ चुके प्रभात रंजन तिवारी के संदर्भ में कारण पृच्छा क्यों की गई है ? जवाब : विचारोपरान्त पत्र लिखा गया है। सवाल : फिर डेढ़ साल पहले नौकरी छोड़ चुके देवघर के कबड्डी प्रशिक्षक रशपाल सिंह के संदर्भ में पत्र क्यों नहीं लिखा गया ? जवाब : हमारे फाइल में जिस जिस प्रशिक्षक का नाम दर्ज है, उसी के संदर्भ में संबंधित DSO को पत्र लिखा गया था। सवाल : जब निदेशालय ने सभी पांच प्रशिक्षकों की जगह नए प्रशिक्षकों को पदस्थापित/प्रभार दे दिया गया है तब इस पत्र का क्या अर्थ लगाया जाए ? जवाब : सम्यक विचारोपरांत पत्र जारी किया गया है, DSO के जवाब का इंतजार किया जाए। |
प्रशिक्षकों की संविदा राशि का भुगतान सात माह से लंबित इसलिए पत्र के जरिए बकैती करने में जुटा निदेशालय
दरअसल मार्च 2026 से ही संविदा पर नियुक्त दर्जनों प्रशिक्षकों की संविदा राशि का भुगतान सात माह से वार्षिक रिपोर्ट (APAR) की आड़ में अधिकारियों की अकर्मण्यता के कारण लंबित रखा है। इसी कारण सभी प्रशिक्षकों का दशहरा और दीवाली खाली जेब के कारण काली ही रह गई है। अब छठ की छुट्टियों के बाद इसे और विलंबित करने के लिए बगैर सिर पैर के पत्र जारी किये जा रहे हैं। प्रशिक्षक भुगतान के लिए गुहार लगाते लगाते थक चुके हैं। निदेशालय को पता है कि प्रति वर्ष APAR रिपोर्ट बनानी ही है तो ये प्रक्रिया 11 माह की संविदा की अवधि पूरी होने से पहले ही पूरी क्यों नहीं कर ली जाती ? इसका कोई जवाब अधिकारियों के पास नहीं है।
पांचों प्रशिक्षकों की जगह नए प्रशिक्षकों को पदस्थापित कर चुका है खेल निदेशालय
खेल निदेशालय काफी पहले ही दिवंगत हो चुकी प्रशिक्षक प्रतिमा बरवा की जगह किमी ख्यांगते, प्रभात रंजन तिवारी की जगह नीरज कुमार राय और इमरान अली की जगह सौरव कुमार की पदस्थापना कर चुका है। इनके अलावा गोला सुधीर की जगह करुणा पूर्ति और संजय कुमार चौधरी की जगह डे बोर्डिंग कोच राहुल कुमार राय को प्रभार दिया जा चुका है। इसके बावजूद भी संबंधित DSO को पत्र लिखकर कारण पृच्छा की गई है।






