| रांची/गिरिडीह |
दो दशक से ज्यादा वक्त से झारखंड फुटबॉल संघ (JFA) के महासचिव का पद संभाल रहे गुलाम रब्बानी नई खेल नीति की जद में आने के बाद अब अपने परिजनों को सत्ता की चाभी सौंपने जा रहे हैं। आगामी 1 नवंबर को गिरिडीह में होनेवाले वार्षिक आम सभा (AGM) सह चुनाव में आधिकारिक तौर पर इसकी मुनादी कर दी जाएगी। खास बात ये है कि पूर्व मंत्री सह अध्यक्ष मिथिलेश ठाकुर को कूलिंग ऑफ के बहाने निपटाने की तैयारी भी मुकम्मल कर ली गई है। पता हो कि पूर्व अध्यक्ष नज़्म अंसारी को निपटाने के लिए मिथिलेश ठाकुर के सामर्थ्य का उपयोग किया गया था, अब नए सामर्थ्यवान की तलाश की जा रही है। सबसे आश्चर्य की बात ये है कि ज्यादातर जिला फुटबॉल संघ के महत्वपूर्ण पदाधिकारियों को AGM सह चुनाव की जानकारी तक नहीं है। जानकारी के अनुसार झारखंड कैडर के रिटायर प्रमोटी IAS अधिकारी इकबाल आलम अंसारी चुनाव पदाधिकारी बनाए गए हैं।
चुनाव के दौरान रंग में भंग पड़ने के आसार
सूत्रों की मानें JFA के चुनाव में रंग में भंग पड़ने के आसार बढ़ गए हैं। झारखंड से राज्यसभा के एक सांसद ने गोटी बिछानी शुरू कर दी है, उन्हें झारखंड ओलंपिक संघ (JOA) का परोक्ष समर्थन हासिल है। बताया जा रहा है कि 64 खानों के पुराने खिलाड़ी सांसद महोदय को JFA के लगभग 10 जिलों का परोक्ष समर्थन हासिल है। राजनीतिक आका एक होने के कारण भारतीय फुटबॉल संघ (AIFF) से भी हरसंभव मदद का भरोसा मिला है। एक पखवाड़े पहले धुर्वा में जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक का एक दौर सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है। इस बैठक में JOA का भी एक पदाधिकारी शामिल था। पूरी चुनावी प्रक्रिया पर पारखी नजर रखी जा रही है और प्रबल संभावना है कि मामला अदालत की चौखट तक भी पहुंचे।
AIFF की वेबसाइट 24 निबंधित जिले बता रही लेकिन चुनाव में 17 ही भाग लेंगे
स्पोर्ट्स झारखंड से बातचीत में गुलाम रब्बानी ने बताया कि झारखंड के मात्र 17 जिले ही AIFF के नियमानुसार विधिक तौर पर निबंधित हैं और इन्हीं 17 जिलों के अधिकृत प्रतिनिधि ही चुनावी प्रक्रिया में भाग लेंगे। खास बात ये है कि AIFF की आधिकारिक वेबसाइट झारखंड के सभी 24 जिलों को निबंधित बता रही है। (देखें तस्वीर)









