रांची |
इडी ने मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद पिंटू को खनन घोटाले में पूछताछ के लिए सम्मन जारी किया है। अभिषेक प्रसाद पिंटू झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के आजीवन सदस्य हैं और ये पहले सदस्य नहीं जिनपर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हों। इससे पहले भी JSCA व झारखंड ओलंपिक संघ के कई पदाधिकारी व सदस्य भी झारखंड बनने के बाद सुर्खियों में रहे ज्यादातर घपले घोटाले में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं। खेल संघ से जुड़े जिन पदाधिकारियों व सदस्यों ने जांच एजेंसियों के दस्तावेजों में अपनी गहरी छाप छोड़ी है उनमें शामिल हैं
संजय चौधरी : मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के मुख्यमंत्रित्व काल के दौरान हुए भ्रष्टाचार की धुरी रहे थे संजय चौधरी। संजय चौधरी JSCA के आजीवन सदस्य थे, जिनके पासपोर्ट बनाने की अनुशंसा JSCA के पूर्व अध्यक्ष आइपीएस अमिताभ चौधरी द्वारा किए जाने की चर्चा गर्म रही थी। इसी पासपोर्ट से संजय चौधरी ऐसे गायब हुए कि रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद भी जांच एजेंसियां संजय को पिछले डेढ़ दशक से ढुंढ ही रही हैं।
आरके आनंद : पिछले 21 वर्षों से JOA के अध्यक्ष। 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के नामजद आरोपी जिनके खिलाफ पिछले 12 साल से एसीबी जांच कर रही थी अब सीबीआई जांच की जद में हैं।
मधुकांत पाठक : JSCA के आजीवन सदस्य व JOA के वर्तमान महासचिव। 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के नामजद आरोपी जिनके खिलाफ पिछले 12 साल से एसीबी जांच कर रही थी अब सीबीआई जांच की जद में हैं।
एस एम हाशमी : JOA के पूर्व महासचिव व वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष। 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के नामजद आरोपी जिनके खिलाफ पिछले 12 साल से एसीबी जांच कर रही थी अब सीबीआई जांच की जद में हैं।
शिवेंदु दुबे : JSCA के आजीवन सदस्य व JOA के वर्तमान कोषाध्यक्ष। 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के आरोपी जो अब सीबीआई जांच की जद में हैं।
जी नारायण : JSCA के आजीवन सदस्य, गोड्डा जिला क्रिकेट संघ/JOA के पूर्व पदाधिकारी। 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के आरोपी जो अब सीबीआई जांच की जद में हैं।
राजीव रंजन मिश्रा : JSCA के आजीवन सदस्य, जामताड़ा जिला क्रिकेट संघ/JOA के पूर्व पदाधिकारी। 34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के आरोपी जो अब सीबीआई जांच की जद में हैं।
विवेकानंद चौधरी : JSCA के आजीवन सदस्य जो आरइओ घोटले में नीचली अदालत द्वारा दोषी पाए गए।
आलोक सरवागी : JSCA के आजीवन सदस्य। पल्स अस्पताल की भूंईहरी जमीन घोटाला में आया है नाम।
सुनील रूंगटा व दीपक रूंगटा : JSCA के आजीवन सदस्य। पल्स अस्पताल की भूंईहरी जमीन घोटाला में आया है नाम।
अशोक केजरीवाल, पवन केजरीवाल : JSCA के आजीवन सदस्य। रातू रोड स्थित सरकारी की संस्था सर्ड जमीन घोटाले में आया है नाम।
अभिषेक प्रसाद पिंटू : JSCA के आजीवन सदस्य व मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार। खनन घोटाले मामले में इडी ने सम्मन भेज कर 1 अगस्त को बुलाया है पूछताछ के लिए।
सीपी सिन्हा बोदी : JSCA के आजीवन सदस्य व साहेबगंज जिला क्रिकेट संघ के सचिव का नाम खनन घोटाले में आया है।
संभव है कुछ आरोपियों के नाम छूट गए हों। वे निराश न हों और इस आलेख में अपना नाम सम्मिलित समझें।
JSCA व JOA सबसे आगे
खेल, भ्रष्टाचार और घोटाले की ट्रांएगुलर सीरीज मे ंJSCA व JOA का पलड़ा सबसे भारी दिख रहा है। JSCA व जेओए ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ दिया है। उपरोक्त लिस्ट से तय है कि बाकी खेल संघ इन दोनों के समक्ष कहीं भी नहीं टिक रहे हैं।