| गढ़वा/रांची |
अक्सर विवादों में रहनेवाले जिला खेल पदाधिकारी (DSO) दिलीप कुमार पर एक बार फिर से एक महिलाकर्मी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। गढ़वा के फुटबॉल स्टेडियम में कार्यरत एक सफाईकर्मी ने आज (18 फरवरी 2025) दिलीप कुमार के खिलाफ उपायुक्त के पास शिकायतवाद दर्ज कराई है। महिलाकर्मी ने DSO दिलीप कुमार पर आरोप लगाया है कि वे अनावश्यक रूप से आवास समेत अन्य जगहों पर अकेले काम करने का दबाव बनाते हैं। बात बात पर गंदी गालियां दी जाती हैं साथ ही मारपीट के साथ टॉर्चर भी किया जाता है। नौकरी से हटाने की धमकी देने और दबाव बनाकर 10 हजार रुपए लेने का आरोप भी महिलाकर्मी ने लगाया है। उक्त आरोप लगाते हुए महिलाकर्मी ने उपायुक्त से ऐसे भ्रष्ट अधिकारी पर कठोर कार्रवाई करते हुए न्याय की मांग की है। महिलाकर्मी ने शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, खेल मंत्री, खेल सचिव व खेल निदेशक को भी प्रेषित की है।


DSO दिलीप कुमार पर पूर्व में भी लगे थे गंभीर आरोप, नहीं हुई थी कोई ठोस कार्रवाई
इससे पहले धनबाद खेल कार्यालय में संगणक संचालिका के रूप में कार्यरत एक महिला कर्मी ने 12 जून 2024 को DSO दिलीप कुमार के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए खेल सचिव से शिकायत कर चुकी है। महिला कर्मी ने आरोप लगाया था कि DSO प्रायः मुझ पर गंदी निगाह रखते हैं, गाली गलौच करते हैं, मारपीट की धमकी देते हैं और अनावश्यक रूप से देर रात तक ऑफिस में रुकने का दबाव बनाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए थे। इस मामले की जांच उपायुक्त से कराई गई थी लेकिन तब मामले को रफा दफा कर दिया गया था। DSO दिलीप कुमार तत्कालीन खेल निदेशक IAS सुशांत गौरव के खासमखास थे, संभवतः तब उन्हें इसका लाभ भी मिला हो।


एक अन्य मामले में 3 अप्रैल 2024 को धनबाद जिला स्तरीय पर्यटन विशेषज्ञ कुंदन कुमार प्रमाणिक ने पर्यटन निदेशक को पत्र लिखकर दिलीप कुमार पर दुर्व्यवहार व प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था और स्थानांतरण की गुहार लगाई थी। इसी तरह का आरोप जिला स्तरीय पर्यटन विशेषज्ञ सूरज गुप्ता ने भी लगाए थे और पर्यटन निदेशक ने दिलीप कुमार से स्पष्टीकरण पूछा था लेकिन DSO ने कोई जवाब ही नहीं दिया।
DSO दिलीप कुमार का पक्ष
“सारे आरोप झूठे हैं, मुझे फंसाने की नियत से मेरे ऊपर घिनौना आरोप लगाया गया है। जांच के बाद सारी सच्चाई सभी के समक्ष आ जाएगी”







