| रांची |
भारतीय महिला हॉकी को ओलंपियन समेत लगभग एक दर्जन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी देनेवाली सिमडेगा की प्रशिक्षिका प्रतिमा बरवा का तबादला खूंटी कर दिया गया है। पिछले एक दशक से प्रतिमा बरवा सिमडेगा को भारतीय महिला हॉकी की नर्सरी बनाने में अपना खून पसीना एक किए हुई थीं। प्रतिमा के प्रशिक्षण में ही सलीमा टेटे ने टोक्यो ओलंपिक समेत विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राज्य व राष्ट्र का नाम रौशन किया हुआ है। उपरोक्त खिलाड़ियों के अलावा संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, महिमा टेटे, दीपिका सोरेंग जैसे एक दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी भी प्रतिमा से प्रशिक्षित हो सीनियर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं। sportsjharkhand.com के पास गुरुवार को ही सिमडेगा के कुछ हॉकी प्रेमियों ने प्रतिमा के तबादले की आशंका जताई थी।
हॉकी झारखंड की आंखों में खटक रही थी प्रतिमा बरवा
हॉकी झारखंड के कई पदाधिकारी प्रतिमा बरवा से अज्ञात कारणों से नाराज़ चल रहे थे। यही नाराजगी प्रतिमा को भारी पड़ी और बेहतर परिणाम देने के बावजूद प्रतिमा का तबादला खूंटी कर दिया गया। खेल निदेशक को कई खेल संघों के पदाधिकारी “हॉकी झारखंड के निदेशक” की संज्ञा दे चुके हैं, ऐसे में तबादला तो तय ही था। प्रतिमा के अलावा पूर्व से कार्यरत सभी प्रशिक्षकों का तबादला किया गया है। तबादले में अपने खासमखास प्रशिक्षकों को गृह जिला भेजा गया है जबकि कई प्रशिक्षकों को गृह जिले से दूर भेजा गया है। नवनियुक्त प्रशिक्षकों का भी पदस्थापन कर दिया गया है। देखें पूरी लिस्ट 👇






ट्रांसफर से कई प्रशिक्षक नाराज
जानकारी मिल रही है कि ट्रांसफर से कई प्रशिक्षक काफी नाराज़ हैं और वे अपनी नाराजगी माननीय मंत्री व विभागीय अधिकारियों के समक्ष दर्ज भी कराएंगे। नाम ना छापने की शर्त पर कई कोच ने बताया कि संविदाकर्मियों का तबादला नियमों के प्रतिकूल जाकर किया गया है।







