| रांची |
पुरानी कहावत है बंदर के हाथ में नारियल हो तब वो सिर तो फोड़ेगा लेकिन सामनेवाले का या खुद का पता नहीं ? खेल निदेशालय द्वारा शुक्रवार को जारी तबादला व पदस्थापना की सूची देखकर ये कहावत याद आ गई। जिन सेंटर फॉर एक्सीलेंस और प्रशिक्षण केंद्रों में एक भी प्रशिक्षु नहीं, प्रशिक्षण के लिए जरूरी खेल सामग्री नहीं, खिलाड़ियों के आवासन के लिए कोई आधारभूत व्यवस्था नहीं वहां पर 13-13 प्रशिक्षकों की नियुक्ति कर दी गई है (देखें सूची)।
| ये सेंटर जहां अभी एक भी प्रशिक्षु नहीं हैं लेकिन प्रशिक्षक की नियुक्ति कर दी गई है
हॉकी सेंटर फॉर एक्सीलेंस, सिमडेगा : खिलाड़ी : 0, प्रशिक्षक : 2 फुटबॉल सेंटर फॉर एक्सीलेंस, धनबाद : खिलाड़ी : 0, प्रशिक्षक : 2 फुटबॉल सेंटर फॉर एक्सीलेंस, रांची : खिलाड़ी : 0, प्रशिक्षक : 2 बैडमिंटन सेंटर फॉर एक्सीलेंस, रांची : खिलाड़ी : 0, प्रशिक्षक : 2 एथलेटिक्स सेंटर फॉर एक्सीलेंस, चंदनकियारी : खिलाड़ी : 0, प्रशिक्षक : 2 बैडमिंटन, आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, गुमला : खिलाड़ी : 0, प्रशिक्षक : 1 कबड्डी, आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, देवघर : खिलाड़ी : 0, प्रशिक्षक : 1 फुटबॉल, आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, पाकुड़ : खिलाड़ी : 0, प्रशिक्षक : 1 |
वहीं प्रशिक्षुओं से भरे सिमडेगा के लचरागढ़ व संत मैरी के हॉकी आवासीय प्रशिक्षण केंद्र तथा गुमला के संत इग्नासियस और उर्सलाइन बालिका हॉकी प्रशिक्षण केंद्र प्रशिक्षक विहीन हो गए। ऐसा क्यों हुआ ? जवाब तो खेल निदेशक सुशांत गौरव ही बेहतर तरीके से दे सकते हैं।
आवासीय प्रशिक्षण केंद्र का पता ही नहीं लेकिन प्रशिक्षक भेजे गए
तबादले की सूची में एक आवासीय प्रशिक्षण केंद्र ऐसा भी है जहां केंद्र है ही नहीं लेकिन वहां भी एक प्रशिक्षक का तबादला कर दिया गया है। लातेहार में एस एस +2 उच्च विद्यालय में हॉकी का आवासीय प्रशिक्षण केंद्र है ही नहीं लेकिन वहां पीटर किंडो का ट्रांसफर कर दिया गया है। आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों की सूची में लातेहार में संत जोसेफ महुआटांड़ आवासीय प्रशिक्षण केंद्र मौजूद है।


ट्रांसफर ऑर्डर पर विभागीय सचिव व मंत्री से अनुमति भी नहीं ली गई
निदेशालय में प्रशिक्षकों के तबादला व पदस्थापन के लिए विभागीय सचिव व मंत्री से अनुमति लेने की परंपरा रही है लेकिन इस बार इस परंपरा को भी दरनिकार करते हुए आदेश निकाला गया है। इस मसले पर खेल पर गंभीर नजर रखनेवाले कई विधायकों ने खेल मंत्री हफीजुल हसन व विभागीय सचिव मनोज कुमार से हस्तक्षेप करने का आग्रह भी किया है।
इस आदेश के अनुपालन से कई नवनियुक्त प्रशिक्षकों को मानदेय मिलने में आएगी परेशानी
विभागीय कार्यों के जानकार बताते हैं कि वैसे नवनियुक्त प्रशिक्षक जिनकी पदस्थापना झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) के सेंटर फॉर एक्सीलेंस सेंटर में हुई है। उन्हें मानदेय मिलने में दिक्कत आएगी क्योंकि उन्हें नौकरी खेल निदेशालय ने दी है और उनकी पदस्थापना SAJHA के सेंटर में कर दी गई है। पदस्थापना की जगह प्रतिनियुक्ति की जानी चाहिए, इसके लिए पहले नवनियुक्त प्रशिक्षकों को निदेशालय द्वारा संचालित किसी आवासीय सेंटर में पदस्थापित करना होगा फिर उनकी प्रतिनियुक्ति SAJHA के सेंटर में करनी होगी। ऐसा लगता है कि निदेशालय ने “ट्रांसफर के कूकर” में “भात” और “दाल” डालकर “खिचड़ी” बनाने का असफल प्रयास किया है। जिसमें खिचड़ी कैसी होगी पता नहीं लेकिन भात और दाल तो बर्बाद हो ही गया है।
जिसने पूरी जिंदगी बालिकाओं को प्रशिक्षित किया उसका तबादला बालक प्रशिक्षण केंद्र में
किसी प्रशिक्षक ने बालिकाओं को प्रशिक्षित करने में विशेषज्ञता हासिल की है तो उससे बालकों को प्रशिक्षण देकर सुखद परिणाम की आशा बेमानी है। ये तकनीकी तौर पर संभव ही नहीं है। खासकर फुटबॉल और हॉकी जैसे खेलों में। जहां बालकों और बालिकाओं के खेल की स्पीड अलग-अलग होती है। ऐसे में जाहिर है बॉडी स्ट्रेंथ, स्किल, तकनीक पर अलग-अलग तरीके से काम करना होता है। निदेशालय द्वारा तबादला सूची में कई ऐसे तबादले किए गए हैं जिससे लॉन्ग टर्म में झारखंड के खेल, खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों का नुकसान होना तय है।
खेलो इंडिया सेंटर के प्रशिक्षक का भी कर दिया तबादला
निदेशालय द्वारा जारी तबादलों में खेलो इंडिया फुटबॉल सेंटर धनबाद के प्रशिक्षक संजय परते का नाम धनबाद स्थित सेंटर फॉर एक्सीलेंस के सहायक कोच के रूप में कर दिया गया है। जबकि नियमतः भारत सरकार द्वारा पोषित खेलो इंडिया सेंटर के प्रशिक्षकों का तबादला कहीं अन्यत्र नहीं किया जा सकता।







