| रांची |
हाल ही में दिल्ली और भोपाल में संपन्न U 19 SGFI प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले सभी 14 खिलाड़ियों को शिक्षा विभाग की ओर से लैपटॉप देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता में झारखंड के 3 खिलाड़ियों ने स्वर्ण, 1 खिलाड़ी ने रजत और 10 खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीता था। गुरुवार को छुट्टी के दिन शिक्षा सचिव के रविकुमार ने विभागीय अधिकारियों और शारीरिक शिक्षकों के साथ हुई बैठक में इस बाबत निर्देश दिया। लैपटॉप के अलावा खेल विभाग से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कैश अवार्ड और छात्रवृति भी दिलाए जाने का निर्देश दिया गया। पुरस्कार वितरण समारोह की तिथि और जगह एक दो दिनों में तय करने का निर्णय लिया गया। शिक्षा परियोजना कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दौरान खेलो झारखंड और SGFI के चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसकी विस्तृत रूपरेखा तय करने के लिए खेलो झारखंड और SGFI को फोकस करते हुए SOP बनाने का निर्देश भी दिया गया। जिला स्तर पर विशेष खेलों को चिन्हित कर राज्य खेल संघों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। इसके लिए जरूरी खेल संसाधन उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया। पता हो कि पहली बार SGFI प्रतियोगिताओं में शिक्षा विभाग ने झारखंड की टीम भेजी थी। इससे पहले खेल विभाग ही पिछले 22 वर्षों से टीम भेज रहा था। बैठक में विभागीय सचिव के अलावा परियोजना निदेशक किरण कुमार पासी, राज्य परियोजना पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, शिक्षा विभाग के अभियंता प्रमुख के अलावा लगभग 60 शारीरिक शिक्षक मौजूद रहे।
PTC सेंटर को स्पोर्ट्स ट्रेनिंग हॉस्टल के तौर पर लाया जाएगा उपयोग में
बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के बंद पड़े प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षण सेंटर (PTC) को स्पोर्ट्स ट्रेनिंग हॉस्टल के तौर पर उपयोग लाए जाने का निर्णय भी लिया गया। ज्ञात हो कि बुंडू (रांची), देवघर, चाईबासा और सतबरवा (पलामू) में राज्य सरकार के PTC सेंटर की दर्जनों एकड़ जमीन और भवन ऐसे ही बेकार पड़े हुए हैं। विभागीय अभियंता प्रमुख को सभी PTC सेंटरों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया। जब तक PTC सेंटर स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर के तौर पर तैयार नहीं हो जाते तब तक मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चयनित खिलाड़ियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
U 19 SGFI खेलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन व प्रशासनिक तैयारियां/निर्णयों की समीक्षा भी की गई
बैठक में राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने U 19 SGFI प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन और विभाग द्वारा की गई तैयारियों व निर्णयों से जुड़ा एक प्रेजेंटेशन दिया। सभी पहलुओं पर गहनता से विचार कर जरूरी निर्देश भी दिए गए।
स्कूल स्तर पर खेल प्रोत्साहन की तैयारी में जुटा शिक्षा विभाग
झारखंड बनने के बाद पहली बार स्कूल स्तर पर खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए शिक्षा विभाग बुनियादी तौर पर सकारात्मक कार्यों में जुटा है। पिछले वर्ष लगभग 1200 शारीरिक शिक्षकों के सहयोग से राज्य भर के विद्यालयों में खेलो झारखंड प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान स्कूलों में जोरदार उत्साह दिखा। इसके बाद खेल को लेकर शिक्षा विभाग ने बुनियादी तैयारी शुरू कर दी है। सूत्र बताते हैं कि बहुत जल्द शिक्षा विभाग अपने आवासीय विद्यालयों में खेल प्रशिक्षण सेंटर खोलने की योजना पर भी काम कर रहा है। पहले खेल आयोजन के लिए सिर्फ खेल विभाग पर निर्भर रहना पड़ता था लेकिन अब शिक्षा विभाग द्वारा खेल आयोजन कराने के बाद दोनो विभागों के बीच एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। तय है कि इस प्रतिस्पर्धा का लाभ सिर्फ और सिर्फ खेल, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को ही मिलेगा।







