| रांची
sportsjharkhand.com EXCLUSIVE |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के नवनियुक्त पदाधिकारियों की टीम नियमों को ताक पर रखकर सिर्फ और सिर्फ “वोटरों” को खुश करने की कवायद में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर से कोयंबटूर में तमिलनाडु के खिलाफ शुरू हो रहे रणजी मुकाबले के लिए शनिवार को ईशान किशन की कप्तानी में झारखंड रणजी टीम की घोषणा कर दी गई है। खास बात ये है कि इस टीम का चयन करनेवाली 5 सदस्यीय चयनकर्ताओं की टीम के दो चयनकर्ता मनोज यादव और सुब्रतो घोष JSCA के बायलॉज 15(4) के तहत चयन सब कमिटी का सदस्य बनने से अयोग्य हो चुके हैं। अब जो चयनकर्ता खुद अयोग्य हो वो योग्य टीम का चयन कैसे कर सकते हैं ? लेकिन ये JSCA है !
JSCA के बायलॉज 15(4)
15. Sub Committees
(1)…
(2)…
(3)…
(4) The Selection Sub-Committee (i.e. Men’s Senior, Men’s Junior and Women’s) shall only be appointed at the Annual General Meeting and each Selection Sub-Committee shall have a Chairman. The Senior (Ranji) Selection Sub-Committee shall comprise only of former first class cricketers whereas the other Selection Sub-Committee shall comprise only of former cricketers. Notwithstanding anything contained in Rule 15(3) above, The Honorary Secretary/Honorary Joint secretary shall call a meeting of any Selection Sub-Committee only in consultation with the Chairman of the said Selection Sub Committee. No person who has been a member of any Selection Sub-Committee for a total of 5 years shall be eligible to be a member of any Selection Sub-Committee.
साफ है कि सभी सिलेक्शन सब कमिटी को मिलाकर कोई भी चयनकर्ता 5 वर्ष से ज्यादा अपने पद पर नहीं रह सकता। 5 साल का कार्यकाल पूरा कर लेने के बावजूद मनोज यादव और सुब्रतो घोष दोनों को छठे साल के लिए भी चयनकर्ता बना दिया गया क्योंकि चुनाव के दौरान वोटों की गिनती मायने रखती है और AGM/SGM के दौरान बस/गाड़ी की व्यवस्था करने का इनाम भी बनता है।
जमशेदपुर के मनोज यादव 2003-4 में पहली बार U 19 टीम के चयनकर्ता बने इसके बाद 2020-21, 2021-22, 2022-23 और 2023-24 में U 19 और U 16 के चयनकर्ता रह चुके हैं। सभी के प्रमाणस्वरूप दस्तावेजों का अवलोकन किया जा सकता है 👇🏻


इसी तरह सुब्रतो घोष भी 2020-21, 2021-22, 2022-23 और 2023-24 में U 19 और U 16 के चयनकर्ता रहे जबकि 2024-25 में सीनियर पुरुष और U 23 के चयनकर्ता रहे। सभी के प्रमाणस्वरूप दस्तावेजों का अवलोकन किया जा सकता है 👇🏻


जिस बायलॉज से कमिटी ऑफ मैनेजमेंट का चुनाव जीत कर पदाधिकारी बने, उसे मानने से इंकार
आश्चर्य की बात है कि जिस बायलॉज से वर्तमान कमिटी ऑफ मैनेजमेंट के सदस्य चुनाव जीतकर आए हैं उसी को मानने से इंकार कर रहे हैं।।sportsjharkhand.com ने 10 अगस्त को हुई JSCA की एडजॉर्न्ड वार्षिक आम सभा (AGM) में चयन सब कमिटी के चयन के उपरांत ही सभी प्रमुख पदाधिकारियों को दो अयोग्य चयनकर्ताओं की नियुक्ति होने और इस गलती को जल्द से जल्द सुधार लेने का सप्रमाण आग्रह किया था। पता हो कि ये बैठक मूल रूप से 18 मई को होनी थी लेकिन 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट तैयार न होने के कारण स्थगित कर दी गई थी। 10 अगस्त की बैठक में ऑडिट रिपोर्ट के अलावा विभिन्न चयन सब कमिटियों के नाम पर भी आम सभा की सहमति ली गई थी।
| अयोग्य चयनकर्ताओं पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव ने थामी चुप्पी
इस विषय पर शनिवार की रात ही JSCA अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव से जवाब मांगा गया था लेकिन खबर लिखे जाने तक जवाब अप्राप्त है। |
सब कमिटियों में चयनित कई चयनकर्ता/प्रशिक्षक भी कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट की जद में
JSCA की आम सभा और कमिटी ऑफ मैनेजमेंट ने जो भी चयनकर्ता/प्रशिक्षक को सब कमिटी में जगह दी है, उनमें से कई कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट की जद में साफ साफ नजर आ रहे हैं। जानकारी ये भी मिली है कि ज्यादातर चयनकर्ता/प्रशिक्षक ने No Conflict of Intrest का शपथ पत्र JSCA में जमा भी करा दिया है। जबकि आज भी सरकारी दस्तावेजों पर कई चयनकर्ता/प्रशिक्षक निबंधित और गैर निबंधित क्रिकेट क्लब के संचालक हैं। ये क्लियर कट कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट का मामला है। ऐसे मामलों में फंसने पर उनकी छवि धूमिल होगी ऐसे में1 sportsjharkhand.com कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंट्रेस्ट के दायरे में आए सभी चयनकर्ता/प्रशिक्षक से आग्रह करता है कि वे सभी ससमय अपनी गलती सुधार लें।







