| रांची |
10 जून से शुरू हो रही झारखंड T20 क्रिकेट लीग के लिए क्रिकेटरों की नीलामी (ऑक्शन) प्रक्रिया में JABRA (जमशेदपुर+बोकारो+रांची) शहरों का जलवा सर चढ़कर बोल रहा है। लीग में छह टीमों के प्रबंधन ने शनिवार को कुल 105 क्रिकेटरों के लिए बोली लगाई। इसमें से 51 क्रिकेटर इन्हीं JABRA (जबरा) शहरों के थे। रांची के सर्वाधिक 21, बोकारो के 16 और जमशेदपुर के 14 क्रिकेटरों के लिए छह टीमों ने सफलतापूर्वक बोली लगाई। प्रतिशत के हिसाब से देखें तो लीग में खेलनेवाले 49% क्रिकेटर इन्हीं जबरा शहरों से हैं। जबरा शहरों के अलावा धनबाद के 8, जामताड़ा व चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम) के 6-6, लोहरदगा, सिमडेगा व हजारीबाग के 5-5, रामगढ़, देवघर व गिरिडीह के 4-4 और खूंटी के 2 क्रिकेटरों को छह टीमों ने बोली लगाकर खरीदा।
11 जिलों से मात्र 5 क्रिकेटरों को मिला मौका, छह जिलों के हिस्से आया “गोल्डेन डक”
झारखंड T20 लीग में 11 जिलों के क्रिकेटरों का प्रतिनिधित्व 5 % से भी कम रहा। पहले सीजन के लिए आयोजित नीलामी में छह जिलों दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, कोडरमा, लातेहार और गढ़वा से एक भी क्रिकेटर के लिए किसी भी टीम ने बोली नहीं लगाई। झारखंड T20 लीग के पहले संस्करण में ये जिले गोल्डेन डक (इनिंग्स की पहली ही गेंद पर आउट हो जाना) के शिकार हो गए। इन छह जिलों के अलावा पांच अन्य जिलों सरायकेला-खरसावां, गुमला, पलामू, चतरा और पाकुड़ के मात्र 1-1 क्रिकेटर के नाम पर बोली लगी। टीम की चयन प्रक्रिया में कई कोच और पूर्व क्रिकेटर भी टीम प्रबंधन से जुड़े थे, ऐसे में साफ है कि झारखंड का क्रिकेट बड़े शहरों तक ही सीमित रह गया है। JSCA प्रबंधन को इस दशा व दिशा को बदलने के लिए अथक प्रयास करना होगा।
“गोल्डेन डक” बनानेवाले जिलों के मठाधीश JSCA के पदाधिकारी रह चुके हैं
जिन छह जिलों का खाता JT20 की नीलामी नहीं खुला पाया, उनमें से कई जिले ऐसे हैं जो क्रिकेट छोड़ हर तरह की राजनीति व रणनीति का हिस्सा बने रहते हैं। कई जिलों के पदाधिकारी JSCA पदाधिकारियों की परिक्रमा कर राज्य स्तर पर पदाधिकारी बनते रहे हैं लेकिन क्रिकेटर राज्य स्तर तक पहुंचे इस दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं कर पाए। क्रिकेट को बेचकर सांसद-विधायक के प्रतिनिधि व खासमखास बनकर क्रिकेट को ही डुबाते रहे हैं। कागजों पर बाहरी खिलाड़ियों के भरोसे चल रहे ऐसे जिलों को अन्य छोटे जिलों से सीखने की जरूरत है जो पूर्व क्रिकेटरों को जोड़कर राज्य स्तर पर अच्छी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।







