रांची |
भारत को U 19 विश्वकप में पंकज यादव जैसे क्रिकेटर देनेवाले कांके स्थित BAU मैदान पर कब्जे की लड़ाई अब मारपीट तक पहुंच गई है। शुक्रवार को मारपीट में अनवर नामक क्रिकेटर घायल हो गया। दरअसल पिछले एक पखवाड़े से BAU के क्रिकेट मैदान पर कब्जा को लेकर दो गुट आमने-सामने हो गए हैं। पिछले डेढ़ दशक से BAU कांके और BAU ब्लास्टर्स की टीमें यहां पर अभ्यास कर रही थी लेकिन हाल में दूसरे गुट ने मैदान में स्थित ड्रेसिंग रूम में ताला जड़ दिया। ताला लगाने के बाद महिला खिलाड़ियों से बदसलूकी की भी घटना हुई लेकिन थाने ने FIR दर्ज नहीं किया। इसके बाद से दोनों गुटों का ताला ड्रेसिंग रूम में बंद था। शुक्रवार को इसी को लेकर बकझक हुई और मामला मारपीट तक जा पहुंचा। BAU प्रबंधन ने एक सप्ताह पहले दोनों पक्षों को मैदान खाली करने का निर्देश दिया था।
BAU मैदान पर कई मठाधीशों की नजर
CMPDI से रिटायर एक पूर्व क्रिकेटर, रांची जिला क्रिकेट संघ के एक पूर्व सचिव और BAU में ही कार्यरत एक कर्मी की तिगड़ी की नजर BAU के मैदान पर है। तिगड़ी को भविष्य में होनेवाली कमाई नजर आ रही है इसलिए रणनीति के तहत एक पखवाडा पहले ताला लगाया गया है। जिस मैदान पर पिछले डेढ़ दशक से कोई एक टीम निर्विवाद रूप से अभ्यास कर रही हो, उसपर विवाद कैसे हो सकता है ?