| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
हॉकी सिमडेगा का अभियान छुपा ना रह जाए एक भी प्रतिभावान के तहत 22 से 28 मई तक जिला मुख्यालय में आयोजित हॉकी सिमडेगा जिला स्तरीय सब जूनियर महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2023 में जिले के कोई भी प्रतिभावान खिलाड़ी खेलने से वंचित ना रह जाए। इसके लिए हॉकी सिमडेगा के द्वारा आज (रविवार) को सिमडेगा प्रखंड के विभिन्न पंचायत के लिए तीन स्थलों में चयन ट्रायल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अभी तक सिमडेगा जिला के पश्चिमी इलाकों से कुल 15 स्थलों में चयन ट्रायल आयोजित किया जा चुका है। इन 15 स्थलों में 7 प्रखंड से 60 पंचायतों के 16 वर्ष से कम उम्र सीमा से 1322 महिला और पुरुष हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया।
जिला के विभिन्न पंचायतों के इन खिलाड़ियों 15 महिला और 15 पुरुष हॉकी टीम के लिए 600 खिलाड़ी चयनित किए गए। सिमडेगा जिला के पूर्वी इलाके के शेष तीन प्रखंडों के 34 पंचायतों के लिए कल से चयन ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित किए जाएंगे। इस चयन ट्रायल प्रतियोगिता में संबंधित पंचायत के उन्ही खिलाड़ियों को चयनित किया जा रहा है, जिनकी जन्म तिथि 1जनवरी 2008 के बाद हुई है। आज सदर प्रखंड के विभिन्न पंचायत के लिए तीन स्थलों बीरू खेल मैदान, महुवा टोली (कोचेडेगा) स्कूल मैदान और बरपानी खेल मैदान में चयन ट्रायल आयोजित किए गए।
कल 17 अप्रैल को जलडेगा प्रखंड के गंगू टोली खेल मैदान में और टांगिया खेल मैदान में,19 अप्रैल को जलडेगा प्रखंड के ओढगा खेल मैदान में, 21अप्रैल को कोलेबिरा प्रखंड के बरवाडीह स्कूल मैदान में, 22अप्रैल को बानो प्रखंड के हुरदा और बांकी खेल मैदान में तथा 22 अप्रैल को ही कोलेबिरा प्रखंड के अघ्ररमा में चयन ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित है। इसकी जानकारी हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने दी है।







