तीन दौर के ट्रायल के बाद टोक्यो ओलंपिक के लिए भारतीय महिला रिकर्व टीम में झारखंड के धनुर्धरों ने क्लीन स्वीप करते हुए तीनों स्थान पर कब्जा करते हुए तीरंदाजी में झारखंड का झंडा बुलंद कर दिया है। सोमवार को पुणे में आखिरी दौर के ट्रायल के बाद दीपिका कुमारी, अंकिता भगत व कोमोलिका बारी ने भारतीय महिला टीम में अपनी जगह पक्की की। दीपिका कुमारी 2012 और 2016 के ओलंपिक में भी भाग ले चुकी हैं जबकि अंकिता भगत व कोमोलिका बारी के लिए ये पहला मौका होगा जब वे ओलंपिक खेलों का हिस्सा बनेंगी। पता हो कि तीनों खिलाड़ी टाटा आर्चरी अकादमी की प्रशिक्षु हैं या रह चुकी हैं। थोड़ी देर में पुरूषों की टीम की भी घोषणा हो जाएगी, संभावना है कि इसमें भी एक खिलाड़ी झारखंड का ही हो। शाम तक भारतीय तीरंदाजी संघ की ओर से टीम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
तीन चरणों तक चला ट्रायल
इस वर्ष की शुरूआत में जमशेदपुर में ट्रायल के बाद 12 महिला व 12 पुरूषों का चयन किया गया था। इसके बाद सोनीपत में ट्रायल हुआ जहां टाॅप 8-8 धनुर्धरों का चयन किया गया और सोमवार को आखिरी दौर के चयन के बाद 3-3 धनुर्धरों का चयन किया गया।