| रांची |
रांची विश्वविद्यालय कैंपस स्थित वर्षों पुराने वॉलीबॉल कोर्ट की सूरत पूरी तरह बदल गई है। सैंड कोर्ट अब नए नवेले सिंथेटिक कोर्ट में तब्दील हो चुका है। लगभग 28 लाख रुपए की लागत से पिछले छह माह से चल रहे रेनोवेशन और सिंथेटिक कोर्ट बिछाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। सिंथेटिक ट्रैक बिछाने में 11 लेयर की रबर लगाई गई है। लाइनिंग समेत थोड़ा बहुत काम शेष है, जिसे एक-दो दिन के अंदर निपटा लिया जाएगा। संभावना है कि सिंथेटिक कोर्ट को एक पखवाड़े के अंदर विश्वविद्यालय प्रशासन को हैंडओवर कर दिया जाएगा और दिवाली से पहले ये कोर्ट खिलाड़ियों से गुलजार हो जाएगा। इस कोर्ट के बन जाने से पूरे वर्ष खिलाड़ियों के अभ्यास में कोई दिक्कत नहीं आएगी। सैंड कोर्ट में बरसात के वक्त खेलने में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कोर्ट तो लगभग तैयार हो गया है लेकिन गैलरी और पवेलियन की रिपेयरिंग का काम अभी भी जारी है। सिंथेटिक कोर्ट तैयार होने पर विवि प्रशासन और झारखंड वॉलीबॉल संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने खुशी जाहिर की है।


“विवि प्रशासन का धन्यवाद की उन्होंने वॉलीबॉल खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी कर दी। सिंथेटिक ट्रैक लगवाने में सहयोग करनेवाले समस्त गुणी जनों का आभार”
शेखर बोस, महासचिव, झारखंड वॉलीबॉल संघ


“साढ़े तीन वर्ष की मेहनत का सुखद परिणाम दिख रहा है। बहुत खुशी हो रही है कि सिंथेटिक ट्रैक बिछ चुका है। बिल्डिंग की रिपेयरिंग का कुछ काम शेष है। उसे भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा”
डॉ राजेश गुप्ता छोटू, को ऑर्डिनेटर, स्पोर्ट्स, रांची विश्वविद्यालय







