| रांची |
राज्य सरकार और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के संयुक्त तत्वावधान में पिछले “साढ़े सात” साल से चल रही झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) पर “साढ़े साती” छाती हुई दिखाई दे रही है। खेल निदेशालय अब TATA को JSSPS द्वारा संचालित खेल अकादमी और खेल विश्वविद्यालय के संचालन का जिम्मा सौंपने की तैयारी कर रहा है। इस संबंध में टाटा कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष चाणक्य चौधरी से औपचारिक बातचीत के बाद पत्राचार भी शुरू किया जा चुका है। ये भी जानकारी मिल रही है कि झारखंड खेल प्राधिकरण द्वारा संचालित (SAJHA) सेंटर फॉर एक्सीलेंस (CoA) के संचालन की जिम्मेवारी भी टाटा को सौंपने की तैयारी हो गई है। पिछले माह 30 नवंबर को पतरातु में खेल विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान CCL के साथ MoU रद्द करने पर सभी जिला खेल पदाधिकारियों का भी मंतव्य लिया गया था। पता हो कि टाटा प्रबंधन 1986-87 से टाटा फुटबॉल एकेडमी (TFA), 1996 से टाटा आर्चरी एकेडमी (TAA) और 2007 से नवल टाटा हॉकी अकादमी का सफल संचालन कर रहा है।
10 दिसंबर 2020 को ही CM ने दिया था निर्देश
आपकी जानकारी में रहे की करीब तीन साल पहले 10 दिसंबर 2020 को भी खेल विभाग की समीक्षा के दौरान CCL से MoU रद्द करने का निर्देश दिया था। तब सरकार की ओर से भेजे गए प्रतिनिधियों ने टाटा के मुकुल चौधरी (वर्तमान में CEO, जमशेदपुर FC) से कई दौर की वार्ता भी की थी। इसके बावजूद कुछ अधिकारियों की अकर्मण्यता व अन्य कारणों से पूरा मामला परवान नहीं चढ़ पाया था।
CCL MoU की शर्तों के हिसाब से काम करने में रहा असफल
17 जून 2015 को राज्य सरकार और CCL के बीच MoU हुआ था। MoU की शर्तों के हिसाब से 12 माह के अंदर 7 खेल अकादमी और 24 माह के अंदर अन्य 8 अकादमियों का संचालन शुरू होना था। 90 माह बाद अभी तक मात्र 8 अकादमियों का संचालन ही शुरू हो पाया है। शर्तों के अनुसार 36 माह के अंदर खेल विश्वविद्यालय की स्थापना होनी थी लेकिन 90 माह गुजरने के बाद भी खेल विवि की फाइल दराजों से बाहर झांक भी नहीं पा रही है। यही नहीं MoU की शर्तों के हिसाब से अकादमी शुरू होने से पहले मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सभी स्टेडियमों और मोरहाबादी स्थित एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम की रिपेयरिंग/रेनोवेशन का काम भी CCL को करना था। मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मेन स्टेडियम और तीनों इंडोर स्टेडियम में थोड़ा बहुत काम हुआ। अन्य स्टेडियम में सिर्फ रंग रोगन का काम हुआ। एस्ट्रो टर्फ की टर्फ भी SAJHA ने लगवाई जबकि MoU के हिसाब से ये काम 2015-16 में ही CCL को कराना था।
खेल सचिव व खेल निदेशक ने थामी चुप्पी
CCL MoU रद्द करने और TATA प्रबंधन से बातचीत के संबंध sportsjharkhand.com
के सवालों पर पर्यटन, कला संस्कृति, खेल कूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार और खेल निदेशक सुशांत गौरव ने कोई भी जवाब देना उचित नहीं समझा।







