| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
इसे सिर्फ संयोग कहा जाए या दुर्योग लेकिन झारखंड के बड़े-बड़े घोटालों के सूत्रधारों के तार झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) से जुड़े रहे हैं। 2006 से 2008 के बीच “मधु कोड़ा लूट कांड” के “मोस्ट वांटेड” संजय चौधरी हो या 2008 से 2014 तक चले राष्ट्रीय खेल घोटाले की महत्वपूर्ण कड़ी मधुकांत पाठक, सबके सब JSCA से गहरे जुड़े रहे हैं। अब इस श्रेणी में पीपी उर्फ प्रेम प्रकाश का नाम भी शामिल हो गया है। वही पीपी जो इन दिनों जमीन घोटाले को लेकर काफी चर्चा में हैं। पीपी शराब के धंधे में भी मजबूत पकड़ रखता है। पीपी खनन घोटाले और मनी लांड्रिंग के आरोप में अगस्त 2022 से ही बिरसा मुंडा कारा की शोभा बढ़ा रहे हैं।
भगोड़े संजय चौधरी को रेड कॉर्नर नोटिस के बाद भी आज तक केंद्रीय एजेंसियां नहीं ढूंढ पाई। मधुकांत जेल यात्रा के बाद से बेल पर हैं और पीपी को बेल की दरकार है।
पावर ब्रोकरों का ठिकाना कैसे बना JSCA
JSCA के कर्णधारों ने अपने निजी व सांस्थानिक लाभ के लिए पावर ब्रोकरों को अपने साथ जोड़ा। जब जिसकी सरकार रही, उससे जुड़े ब्रोकरों को साधा गया। कार्यपालिका के कर्णधारों खासकर IAS व IPS को भी यथासंभव जगह दी गई। पावर ब्रोकरों को भी उठने बैठने व डील करने के लिए एक सुरक्षित ठिकाने की तलाश थी, जो पूरी हो गई। दोनों की जरूरतें मिल गई तो गंठजोड़ बन गया। इस गंठजोड़ का सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलू देखने को मिला। सकारात्मक पहलू ये रहा कि रांची में हो रहे स्टेडियम निर्माण में आ रही सरकारी परेशानियों की उम्र कम रही और संसाधनों की कमी कभी नहीं हुई। नकारात्मक पहलू ये रहा कि इन पावर ब्रोकरों के कारण संस्था की इमेज को समय समय पर गहरा झटका लगा।







