| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
कट मनी के चक्कर में CBSE स्कूल से निजी संस्था द्वारा कोचिंग (NIOS) फिर दोबारा कट मनी के चक्कर में NIOS से CBSE स्कूल में नामांकन कराने के बीच झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) के 386 कैडेट्स की पढ़ाई 1 अप्रैल से बंद हो गई है। नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद से कैडेट्स पिछले 28 दिनों से किताब कॉपी से पूरी तरह दूर हो गए हैं। खेल का अभ्यास तो नियमित हो रहा है लेकिन पढ़ाई पूरी तरह बाधित हो गई है। दरअसल तीन साल बाद JSSPS प्रबंधन ने ये निर्णय लिया है अब कैडेट्स की पढ़ाई NIOS की बजाय दोबारा CBSE स्कूल में कराई जाएगी। इसके बाद 31 मार्च को NIOS कोचिंग का काम कर रही संस्था एडूहिलोफर फाउंडेशन का करार खत्म कर दिया गया लेकिन 386 कैडेट्स का कहीं किसी भी स्कूल में नामांकन नहीं कराया गया। सिर्फ 12वीं में पढ़ रहे 42 बच्चे ही DAV नंदराज में नियमित पढ़ाई के लिए जा रहे हैं। इस बीच कुछ अभिभावक खेल और पढ़ाई में गिरते स्तर से नाराज़ हो अपने बच्चे को घर ले जाने पर अड़े हैं। शुक्रवार को एक अभिभावक इसी निमित JSSPS पहुंचे हैं। पिछले सप्ताह भी ये अभिभावक अपने बच्चे को ले जाने आए थे।
देखें वीडियो…….
“मेरा बच्चा संत जेवियर्स स्कूल, चाईबासा में पढ़ता था। खेल में रुचि को देखते हुए मैंने बेटे का नामांकन JSSPS में कराया था। लेकिन चार साल में एक बार भी मेरा बच्चा नहीं खेला और पिछले दो वर्षों से पढ़ाई भी भगवान भरोसे चल रही है। अपने बच्चे को घर पर रखकर पढ़ाना चाहती हूं। यहां तो न खेल हो रहा है न पढ़ाई, ऐसे में तो बच्चा का भविष्य खराब हो जाएगा। मैं बेटे को घर ले जाने आई हूं।”
एक परेशान अभिभावक
कैडेट्स व अभिभावकों को डरा अपनी मर्जी थोपने में जुटे हैं LMC के CEO और SMC के सदस्य
LMC के CEO और स्कूल मैनेजमेंट कमिटी (SMC) के सदस्य राखी रानी गुप्ता, अनिल कुमार व श्रीकांत पुरवार पढ़ाई की बात करने पर कैडेट्स व उनके परिजनों के साथ बदसलूकी करने से भी बाज नहीं आ रहे। पिछले रविवार को सभी कैडेट्स को ऑफिस में बुलाकर स्कूल कंसेंट फॉर्म पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करवाए गए। बुधवार की शाम जब LMC के CEO बॉयज हॉस्टल पहुंचे तो पढ़ाई के मुद्दे पर तकरार हो गई। कुछ कैडेट्स ने जबरदस्ती फॉर्म पर हस्ताक्षर लेने का आरोप भी लगाया।
EC के निर्णय के खिलाफ जाकर भरवाया गया स्कूल कंसेंट फॉर्म
17 मार्च को JSSPS की एक्जीक्यूटिव काउंसिल (EC) के निर्णय के खिलाफ जाकर सभी कैडेट्स से स्कूल कंसेंट फॉर्म भरवाए गए। फॉर्म में कैडेट्स की निजी जानकारी के साथ वे कहां पढ़ना चाहते हैं इसपर भी मंतव्य मांगा गया। कैडेट्स को तीन ऑप्शन दिए गए थे NIOS, JAC और CBSE. कैडेट्स का आरोप है कि फॉर्म पर JAC भरने का दवाब बनाया गया। जबकि 17 मार्च की EC की बैठक के एजेंडा नंबर 8 में साफ साफ निर्णय लिया गया था कि सभी कैडेट्स का नामांकन CBSE बोर्ड के स्कूल में कराया जाएगा। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार की शाम बॉयज हॉस्टल में तकरार भी हुआ था।
NIOS से 9वीं पास कर चुके कैडेट्स का भविष्य क्या होगा ?
CBSE स्कूलों में 10वीं की परीक्षा के लिए निबंधन की प्रक्रिया 9वीं क्लास में ही पूरी कर ली जाती है। ऐसे में NIOS से 9वीं पास कर दसवीं में जानेवाले लगभग 100 कैडेट्स के भविष्य का क्या होगा ? क्या वे NIOS से ही परीक्षा देंगे अगर हां तो उनकी पढ़ाई कहां होगी ? कोचिंग तो बंद हो चुका है। अगर उन सभी कैडेट्स का नामांकन भी CBSE स्कूल में होगा तो वे 10वीं की परीक्षा कब देंगे ? या NIOS से 9वीं पास कर चुके बच्चों को फिर से CBSE स्कूल की 9वीं कक्षा में ही पढ़ना होगा क्योंकि बगैर निबंधन के 10वीं की परीक्षा दी ही नहीं जा सकती। CBSE से NIOS और फिर NIOS से CBSE के सफर के बीच LMC के अधिकारियों की पॉकेट तो गर्म हो गई लेकिन सैकड़ों कैडेट्स का करियर दांव पर लग गया।
EC की मीटिंग के बाद आधे दर्जन टेंडर निकल गए लेकिन कैडेट्स का नामांकन नहीं हो पाया
17 मार्च को EC की बैठक के बाद JSSPS की ओर से आधे दर्जन से ज्यादा टेंडर फ्लोट कर दिए गए लेकिन 386 बच्चों का स्कूल में नामांकन नहीं हो पाया। साफ है कि कैडेट्स के नाम पर होनेवाले टेंडर में तो LMC के लोग काफी तेजी दिखाते हैं लेकिन कैडेट्स की ट्रेनिंग और पढ़ाई को लेकर तेजी कहीं भी नजर नहीं आती। प्राथमिकताएं तय हैं।







