| रांची
चन्दन भट्टाचार्य sportsjharkhand.com |
एक खिलाड़ी देश के लिए गोल्ड जीतने का सपना देखता है और उस सपने को साकार करने के लिए अपने घर-परिवार, गांव-जवार छोड़कर झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) की अकादमी में प्रवेश लेता है। चार साल के दौरान सपने को पंख मिलने की बजाय सरकारी लालफीताशाही की बंधने सपनों को चकनाचूर करने में जुट जाती हैं। JSSPS की प्रशासनिक अकर्मण्यता के कारण एक खिलाड़ी का सपना कुछ यूं ही चकनाचूर हुआ है। अभिभावक अपने बच्चे को घर ले जाने के लिए आखिर क्यूं मजबूर हो गए इस सवाल का जवाब आज हम आपको इस रिपोर्ट के माध्यम से दे रहे हैं।
देखें वीडियो…….
JSSPS में प्रशासनिक अकर्मण्यताओं की लंबी फेहरिस्त है, इस वजह से अब अकादमी को छोड़कर कैडेट वापस घर लौट रहे हैं। JSSPS के फुटबॉल प्रशिक्षु प्रभात लागुरी चाईबासा के रहने वाले हैं। प्रभात के जुनून और फुटबॉल के बेहतर स्किल्स का परिणाम ये था कि उसका चयन वर्ष 2018 में JSSPS की फुटबॉल अकादमी में हो गया। प्रभात का सपना था वह राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करे लेकिन कोविड लॉक डाउन के बाद से ना तो कैडेट्स को सही तरीके से खेल का प्रशिक्षण यहां मिल पा रहा है और ना ही पठन पाठन ही ढंग से करवाया जा रहा है। बच्चे के खेल और पढ़ाई के गिरते स्तर को देखते हुए अभिभावकों ने उसे वापस घर ले जाना ही मुनासिब समझा। कुछ दिन पूर्व जब प्रभात के परिजन उसे लेने JSSPS कार्यालय पहुंचे तब उन्हें प्रबंधन ने खरी-खोटी सुनाकर वापस भेज दिया था। इसके बावजूद परिजन नहीं माने फिर वह एक सप्ताह बाद कार्यालय पहुंचे और अपने बच्चे को साथ घर वापस ले गए।
सुबह 11 बजे ही पहुंच गए थे अभिभावक
सुबह 11:00 बजे से चाईबासा से आए प्रभात के परिजन खेल गांव के गेट के समक्ष डटे रहे। उन्हें बताया गया कि JSSPS के LMC के CEO अब तक कार्यालय नहीं पहुंचे है। तीन बजे के बाद CEO महोदय अपने कार्यालय पहुंचे, उसके बाद प्रभात के परिजनों को बुलावा आया। फिर घंटों कागजी प्रक्रिया और हॉस्टल से रिलीज करने की प्रक्रिया चलती रही। शाम लगभग 6:45 बजे अपने अभिभावक के साथ प्रभात सारे सपनो को समेटते हुए गेट के बाहर निकला।
प्रभात ने sportsjharkhand.com को बताया कि एक सपना लेकर वो JSSPS हॉस्टल पहुंचा था। लेकिन ऐसा लग रहा है कि अब सब कुछ खत्म हो गया। मजबूरन उसे वापस जाना पड़ रहा है। हालांकि वह अपना प्रैक्टिस अपने स्तर से जारी रखने की बात कर रहा है।
प्रभात लागोरी, जेएसएसपीएस, कैडेट
प्रभात की मां शांति लागोरी शुक्रवार को काफी खुश दिख रही थी। उनकी माने तो JSSPS में प्रभात का भविष्य खराब हो रहा था लेकिन अब वह माता-पिता के साथ रहेगा और उसका भविष्य भी बेहतर होगा।
शांति लागोरी, प्रभात की मां
प्रभात जैसे कैडेट्स का JSSPS छोड़कर जाना प्रबंधक के मुंह पर एक तमाचा है। कोविड के समय भी लगभग एक दर्जन कैडेट्स ने अकादमी छोड़ दी थी। समय रहते अगर JSSPS प्रशासनिक अकर्मण्यता को दूर नहीं करता है तो आने वाले समय में JSSPS से और कैडेट्स भी हॉस्टल को टाटा बाई बाई कर सकते हैं। वैसे अभी JSSPS के LMC के CEO और अन्य अधिकारी गुलाबी गांधी की प्राप्ति की प्रत्याशा में टेंडर निपटाने और बनाने में अपनी पूरी ऊर्जा लगा रहे हैं।







