| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की ओर से जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता के दौरान JSCA के अध्यक्ष, सचिव के साथ-साथ पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर देवाशीष मोहंती भी शामिल हुए।


बताते चलें कि देबाशीष मोहंती 1997 से 2001 तक भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य रहे हैं। इस बीच उन्होंने दो टेस्ट मैच और 45 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। 2020 में ही इन्हें भारतीय क्रिकेट टीम के चयन समिति का सदस्य नियुक्त किया गया है। वर्तमान में देवाशीष मोहंती झारखंड के तेज गेंदबाजों को विशेष प्रशिक्षण दे रहे हैं। जेएससीए स्टेडियम में वह लगातार उभरते खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। इस प्रशिक्षण शिविर में 19 गेंदबाज और 10 बल्लेबाज शामिल है। 2 जून से आयोजित इस शिविर का समापन कल (शुक्रवार) को किया जाएगा। कैसे खिलाड़ियों को लाइन लेंथ में गेंदबाजी करनी है, बॉलिंग एक्शन कैसा होना चाहिए, ऐसे ही कई गुर सिखाए जा रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि यहां के खिलाड़ियों के लिए यह ट्रेनिंग मील का पत्थर साबित होगा। वहीं सचिव ने कहा की यह राज्य के खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मौका है। जबकि देवाशीष मोहंती ने कहा कि यहां के खिलाड़ीयों में पोटेंशियल है, उन्हें तराशने की जरूरत है। गौरतलब है कि झारखंड क्रिकेट टीम के प्रदर्शन को बेहतर करने के उद्देश्य से JSCA प्रबंधन की ओर से इस तरीके का ट्रेनिंग प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया जा रहा है। आने वाले समय में ऐसे ही और भी योजनाएं हैं।







