| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के झारखंड चैप्टर पर शिक्षा विभाग और खेल निदेशालय द्वारा कब्जे की लड़ाई के बीच U 19 खिलाड़ियों का भविष्य संकट में पड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। लगभग दो साल के अंतराल के बाद हो रही U 19 प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जरूरी User ID व पासवर्ड SGFI ने खेल निदेशालय को उपलब्ध करा दिया है। खेल निदेशालय ने SGFI के आयोजन से खुद को अलग कर लिया और ट्रॉयल स्थगित कर दिया। इसके बाद शिक्षा विभाग ट्रॉयल करा रहा है लेकिन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अनिवार्य User ID व पासवर्ड खेल निदेशालय के पास है। ऐसे में शनिवार को छुट्टी के दिन शिक्षा सचिव के रविकुमार ने खेल निदेशक को पत्र लिखकर User ID व पासवर्ड विभाग के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए सोरेंग को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जानकारी मिली है कि खबर लिखे जाने तक खेल निदेशालय की ओर से शिक्षा विभाग को User ID व पासवर्ड उपलब्ध नहीं कराया जा सका है।
एंट्री की आखिरी तारीख 29 मई
SGFI U 19 बालक-बालिका प्रतियोगिता में भाग लेने की आखिरी तिथि 29 मई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए User ID व पासवर्ड की मदद से समस्त दस्तावेजों को ऑनलाइन जमा कराना अनिवार्य है। अगर सोमवार 29 मई तक ऑनलाइन निबंधन नहीं कराया गया तो खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने से वंचित हो जाएंगे। ऐसा लगता है कि दोनों विभागों की प्राथमिकताओं में खिलाड़ी दोयम दर्जे पर हैं अन्यथा ये पत्र पत्र खेलने की नौबत नहीं आती।







