| रांची टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड में खेल से खिलवाड़ का सिलसिला जारी है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण स्थिति ऐसी बन पड़ी है कि हॉकी में स्कूली स्तर की देश की सबसे बड़ी प्रतियोगिता नेहरू कप हॉकी टूर्नामेंट में झारखंड टीम के भाग लेने पर संकट के बादल गहराने लगे हैं। सिमडेगा के मरांग गोमके जयपाल सिंह स्पोर्ट्स अकादमी और एक स्थानीय पत्रकार श्रीराम पुरी ने जवाहरलाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट सोसायटी को कंप्लेन कर बताया कि बालक अंडर 15 और बालक अंडर 17 टीम के कम से कम आधा-आधा दर्जन खिलाड़ी ओवरएज हैं। ओवरएज खिलाड़ियों ने भर्जी दस्तावेज जमा कर युवा खिलाड़ियों का हक मारा है। इस कंप्लेन पर पर संज्ञान लेते हुए जवाहरलाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट सोसायटी के सचिव ने 26 अगस्त को झारखंड के खेल निदेशक को पत्र लिखकर सख्त ताकीद की है कि प्रतियोगिता के नियमों का आप अनुपालन सुनिश्चित करें अन्यथा झारखंड की टीम को प्रतियोगिता में भाग लेने नहीं दिया जाएगा। पत्र आने के 24 घंटे बाद भी खेल निदेशालय के अधिकारियों को कुछ भी जानकारी नहीं है। वरीय अधिकारी कनीय अधिकारियों से बात करने की बात कह रहे जबकि कनीय अधिकारी आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बचते हुए नजर आ रहे हैं। पता हो कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बालक अंडर 15 में एस एस उच्च विद्यालय, सिमडेगा और बालक अंडर 17 में संत मरिज उच्च विद्यालय सामटोली, सिमडेगा की टीम ने विजयी होकर राष्ट्रीय स्तर पर खेलने की पात्रता हासिल की है।


अब क्या संभावना है ?
अंडर 15 व अंडर 17 बालक टीम की प्रविष्टि भेजे जाने की आखिरी तिथि 10 अगस्त थी। अंडर 17 की प्रतियोगिता 2 से 13 सितंबर तक दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित होनी है। आयोजन समिति का पत्र आने के बाद इस बात की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि अंडर 17 टीम के खेलने पर तो संकट के बादल गहरे होते जा रहे हैं। निदेशालय के अधिकारी अभी दो दिन छुट्टी में रहेंगे। 29 को ऑफिस पहुंचेंगे तब तक टीम के रवाना होने का समय आ जाएगा। जानकारी मिली है कि चयनित टीम का रेलवे रिजर्वेशन भी करा दिया गया है। अगर खिलाड़ी बदलने की अनुमति आयोजन समिति देती भी है तो सबकुछ समय के अंदर हो जाएगा इसकी संभावना कम ही नजर आती है। अंडर 15 बालक की प्रतियोगिता 15 से 26 सितंबर तक दिल्ली में ही होनी है।
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल अगस्त के पहले सप्ताह में आयोजित राज्य स्तरीय नेहरू कप प्रतियोगिता सिमडेगा में आयोजित हुई थी। आयोजन के बाद 10 अगस्त को जिला खेल पदाधिकारी के हस्ताक्षर से अंडर 15 व अंडर 17 बालक टीम के विजेता खिलाड़ियों की सूची निदेशालय को अग्रतर कार्रवाई हेतू भेजी गई थी। 10 अगस्त ही निबंधन की आखिरी तारिख थी सो निदेशालय ने पोस्ट ऑफिस बनते हुए जिला खेल पदाधिकारी द्वारा भेजी गई सूची को बगैर जांचे दिल्ली भेज दिया। इसके बाद गलतियों की ओर मरांग गोमके जयपाल सिंह स्पोर्ट्स अकादमी का ध्यान गया तो संस्था ने 18 अगस्त को उपायुक्त के पास आवेदन देकर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद कोई कार्रवाई न होता देख स्थानीय पत्रकार श्रीराम पुरी ने आयोजन समिति को 25 अगस्त को इमेल भेज कंप्लेन किया।




आश्चर्य किंतु सत्य ! निदेशालय द्वारा भेजी गयी अंडर 15 की सूची में ही एक खिलाड़ी ओवरएज
निदेशालय की ओर से जो सूची राष्ट्रीय आयोजन समिति को भेजी गयी है उसमें अंडर 15 की टीम में चयनित एक खिलाड़ी की उम्र तय सीमा से ज्यादा लिखी हुई है। पहले क्रमांक पर संजीत एक्का का नाम दर्ज है उनकी उम्र 30 सितंबर 2007 बतायी गयी है जबकि आयोजन समिति की ओर से कट ऑफ डेट 11 नवंबर 2007 का दिया गया है। मतलब 11 नवंबर 2007 को या उसके बाद जन्मे हुए बालक ही प्रतियोगिता में भाग लेने के योग्य हैं। लेकिन जिला खेल पदाधिकारी सिमडेगा और निदेशालय के योग्य अधिकारियों ने बगैर देखे ही हस्ताक्षर कर नाम भेज दिया।




पूर्व में भी होता रहा है बड़ा बड़ा कांड
नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता में सिमडेगा जिला की ओर से पूर्व में भी ऐसे कांड होते रहे हैं। एक वर्ष तो ऐसी स्कूल की टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने चली गई, जिस स्कूल का नामोनिशान सिमडेगा में नहीं है। लेकिन वह रे खेल निदेशालय और निदेशालय के कर्णधार। हस्ताक्षर कर अपनी जिम्मेवारियों की इतिश्री समझ लेते हैं और गलती पकड़ाने पर कनीय लोगों को बलि का बकरा बनाते हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेवार अधिकारी
| “मेरे गले में सूजन है, मैं दो-तीन दिन बाद ही बात कर पाउंगा।”
संजय सिंह, निदेशक, खेल
“ऐसा कोई पत्र आने की जानकारी मुझे अभी आप से ही मिल रही है। बेहतर होगा कि आप इस संदर्भ में अभिषेक से बात कर लें, वही आपको बेहतर बता पाएगा।” धर्मेन्द्र दिक्षित, उप निदेशक, खेल निदेशालय
“पत्र आया है तो इसपर कुछ कहने के लिए मैं अधिकृत नहीं हूं। वरीय अधिकारियों के बात करने के बाद ही कुछ बता पाने की स्थिति में रहूंगा।” अभिषेक, सहायक प्रशाखा पदाधिकारी |







