| रांची/सिमडेगा टीम sportsjharkhand.com |
नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता में ओवरएज खिलाड़ियों की सूची भेजे जाने का मामला अभी थमा भी नहीं था कि सिमडेगा में खेली जा रही 5वीं सीनियर झारखंड राज्य हॉकी चैंपियनशिप (महिला एवं पुरुष) में आयोजकों की शह पर “बोरो खिलाड़ियों” (बाहरी खिलाड़ियों) के खेलने का मामला सामने आ गया है। रविवार को प्रतियोगिता के दौरान पुरुष वर्ग की एक मजबूत टीम को हराने के लिए दूसरी संस्थागत मजबूत टीम ने ओडिशा से 6 बाहरी खिलाड़ियों को बुलाकर टीम में शामिल कर लिया। मजबूत टीम ने आयोजकों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया लेकिन आयोजकों टीम द्वारा भेजी गई मूल सूची से “बोरो खिलाड़ियों” का नाम जांचने की बजाय 5000 रुपए के साथ लिखित प्रोटेस्ट करने का आदेश सुना दिया। टीम ने उपरोक्त रकम के साथ प्रोटेस्ट किया तब तक मैच शुरू हो चुका था और संघर्षपूर्ण मुकाबले में “बोरो खिलाड़ियों” से सजी टीम ने दूसरी टीम को 1-0 से हरा दिया। इस परिणाम से आयोजन से जुड़े एक खेल प्रशासक का अहम तो शांत हो गया लेकिन ओलंपियनों की धरती सिमडेगा व झारखंड की गरिमा तार तार हो गई।
एक खास टीम को हराने के लिए रची गई थी साजिश
आयोजन से जुड़े एक शख्स ने संस्थागत टीम के कोच के साथ मिलकर साजिश रची। “बोरो खिलाड़ियों” से संपर्क साधा गया और योजना को मूर्त रूप दे दिया गया। दरअसल ये पूरा मामला “विरोधियों” को निपटाने की साजिश का एक हिस्सा मात्र है।
ये छह खिलाड़ी ओडिशा से “बोरो खिलाड़ी” के रूप में बुलाए गए थे
अमित कुमार टोप्पो, विकास लकड़ा, रौशन कुजूर, पौलुस लकड़ा, दीपक एक्का व किशोर लकड़ा.


सिमडेगा, खूंटी के खिलाड़ी कई अन्य जिलों से भी खेल रहे
राज्य में हॉकी के खिलाड़ियों की पौध चार-पांच जिलों तक ही सीमित है। यही सत्य है लेकिन प्रतियोगिता में कई ऐसे जिलों की टीमें भी खेल रही हैं, जहां परंपरागत रूप से हॉकी खेली ही नहीं जाती। ऐसे में उन जिलों की ओर से भी खूंटी व सिमडेगा के खिलाड़ी खेल रहे हैं सिर्फ नाम दूसरे जिले का है।







