| रांची
चंदन भट्टाचार्य sportsjharkhand.com |
24 जून से 13 जुलाई तक अमेरिका में आयोजित खेल और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए झारखंड से 5 महिला हॉकी खिलाड़ी अमेरिका गई थी। अमेरिका जाने से पहले 21 जून को बड़े ही तामझाम के साथ CM हेमंत सोरेन सभी 5 हॉकी खिलाड़ियों से मिले। आश्वासनों-वायदों के पहाड़े पढ़े गए और खिलाड़ियों को उनके सुनहरे भविष्य के सपने भी दिखाए गए। अमेरिका से लौटने के बाद सभी 5 हॉकी खिलाड़ी 22 जुलाई को दोबारा CM से मिले। CM ने आश्वासन दिया कि सभी 5 हॉकी खिलाड़ियों के सपनो को उड़ान देने के लिए इन्हें (खिलाड़ियों को) सेंटर फॉर एक्सीलेंस या आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षित किया जाएगा। CM के आश्वासन के 100 दिन गुजरने के बाद भी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण नसीब नहीं हुआ। US काउंसलेट और शक्तिवाहिनी संस्था के सहयोग से अमेरिका गई इन 5 हॉकी खिलाड़ियों में से एक प्रियंका कुमारी थीं। प्रियंका के सपनो और उसकी हकीकत की पड़ताल sportsjharkhand.com की टीम ने की है।






मूलतः गुमला की रहनेवाली हॉकी खिलाड़ी प्रियंका कुमारी और उनका पूरा परिवार काफी दयनीय स्थिति में है। प्रियंका के पिता रोजी रोटी की तलाश में अभी रांची नगर निगम में दैनिक वेतन भोगी के तौर पर कार्यरत थे लेकिन चार माह पहले लकवा लगने के कारण बेड पर हैं । मां रेजा का काम कर घर खर्च जुटाती हैं। परिवार के समक्ष अभी भर पेट खाने तक के लाले पड़े हुए हैं। आर्थिक तंगी के कारण परिवार आधा पेट खाकर जीवन यापन करने को मजबूर है।ऐसे में प्रियंका के परिवार की माली हालत काफी खराब है। ऐसे में जब CM ने प्रियंका के सपनो को अपने आश्वासनों से पाता था तो कई सपने पूरे होते हुए नजर आ रहे थे लेकिन प्रत्येक गुजरते दिन के साथ सपने धुंधले पड़ते जा रहे हैं। प्रियंका को अभी भी आस है कि CM का आश्वासन जरूर पूरा होगा।








| राज्य सरकार परिवार की मदद करे और मेरा दाखिला किसी हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में हो जाए तो शायद मैं अपने और अपने परिवार का भविष्य को संवार सकूं।
प्रियंका कुमारी |
बताते चलें कि अमेरिका में आयोजित खेल सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम में प्रियंका के अलावा झारखंड से जूही कुमारी, प्रियंका कुमारी, हेंरीता टोप्पो और पूर्णिमा महतो ने हिस्सा लिया था। जब इनका चयन इस कार्यक्रम के लिए हुआ। उस दौरान इन्हें कई सपने दिखाए गए। इन खिलाड़ियों को भी लगा था कि इनके दिन बहुरेंगे और इन्हें सरकारी मदद भी मिलेगी। आर्थिक सहायता भी होगी। कहीं ना कहीं उनके खेल को भी एक नई उड़ान मिलेगी। उन्हें किसी बेहतर हॉकी ट्रेनिंग सेंटर में दाखिला मिलेगा और वह अपने सपने को साकार करेंगी लेकिन कोरे आश्वासनों के कारण ये अब तक संभव नहीं हो पाया।











