रांची
टीम sportsjharkhand.com |
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार एवं झारखंड राज्य शिक्षा परियोजना परिषद की मेजबानी में आयोजित 67वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2023-24 अंतर्गत अंडर 14, 17, 19 बालक/ बालिका वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में रजत पदक के साथ झारखंड का खाता खुला है। बताते चलें कि इस प्रतियोगिता के उद्घाटन के मौके पर
विधायक दीपिका पांडेय और राजेश कच्छप शामिल हुए।
रजत पदक के साथ झारखंड का खुला खाता
आज हुई अंडर 19 साइकिलिंग प्रतियोगिता में झारखंड ने रजत पदक के साथ शानदार शुरुआत की। राज्य की बालिका टीम में शामिल संतोषी उरांव ने रजत पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। अंडर 19 बालिका वर्ग साइकिलिंग में महाराष्ट्र की स्नेहल माली ने स्वर्ण और महाराष्ट्र की ही स्नेहा ने कांस्य पदक जीता। अंडर 19 बालक वर्ग में दिल्ली के अक्षर त्यागी ने स्वर्ण पदक, राजस्थान के बजरंग ने रजत, आंध्रप्रदेश के कुम्मारा सुरेश ने कांस्य पदक जीता।
उद्घाटन समारोह में विधायकों के अलावा आईआरएस अशोक गोदरा, आयोजन सचिव सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेन्द्र पाठक, एसजीएफआई के टेक्निकल कमिटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र लामा, झारखंड साइकिलिंग संघ के उपाध्यक्ष सुरजीत कुमार, एसजीएफआई की क्षेत्र अधिकारी शसंतोष सिंह, साइकिलिंग एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह और स्कूली शिक्षा साक्षरता विभाग के कई पदाधिकारी मौजूद थे।