| रांची |
गुमला की तत्कालीन जिला खेल पदाधिकारी (DSO) हेमलता बून बगैर अनुमति के सरकारी संपत्ति ले जाने के आरोप में घिरती हुई नजर आ रही हैं। 21 अगस्त को गुमला उपायुक्त ने जांचोपरांत पर्यटन, कला संस्कृति, खेल कूद एवं युवा कार्य विभाग को पत्रांक 1099(11)/स्था. के द्वारा तत्कालीन गुमला DSO हेमलता बुन पर बगैर अनुमति के सरकारी एयर कंडीशनर मशीन (AC) ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस आरोप पर विभाग की ओर से 21 सितंबर को ज्ञापांक 8/आ/01(क्रीड़ा)06/2023/1793 के द्वारा हेमलता बुन से अपनी प्रतिक्रिया प्रतिवेदन और सरकारी AC के संदर्भ में अद्यतन स्थिति से शीघ्र अवगत कराने का निर्देश दिया है। सरकार के उपसचिव विमलानंद मिश्र के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र में यथाशीघ्र जवाब देने का निर्देश दिया गया है और पत्र की प्रतिलिपि बोकारो व गुमला उपायुक्त को भी भेजी गई है। पता हो कि 1 अगस्त को राज्य के 12 DSO का ट्रांसफर किया गया था। गुमला DSO को बोकारो का DSO बनाया गया था।


क्या है पूरा मामला ?
दरअसल DSO की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद हेमलता बुन को गुमला DSO बनाया गया। इसके बाद DSO कार्यालय द्वारा कई AC लगाए गए थे। 1 अगस्त 2023 को जब हेमलता बुन का ट्रांसफर बोकारो हो गया तो पाया गया कि एक AC गायब है। इसके बाद गुमला DC ने मामले की विस्तृत जांच कराई तो मामला सत्य पाए जाने के बाद विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा। sportsjharkhand.com के पास इस बात की पुख्ता जानकारी है की गुमला DC की जांच के दौरान CCTV फुटेज भी AC गायब किए जाने के आरोप की पुष्टि करते हैं।
हेमलता बुन की बढ़ेगी परेशानी
विभाग के स्तर से कारण पृच्छा होने के बाद ये तय है कि बोकारो DSO हेमलता बुन की परेशानी बढ़ेगी। गुमला में DSO रहते AC गायब हुआ तो किसके आदेश पर ? किसने AC खोला ? AC को कौन लेकर गया ? प्रभारी होने के नाते पूरी जिम्मेवारी DSO की बनती है। इसलिए ये भी तय है कि हेमलता बुन पर कार्रवाई तो होगी ही, जांच का दायरा बढ़ा तो भ्रष्टाचार से जुड़े कई और परतें भी खुलने की संभावना है।







