रांची टीम sportsjharkhand.com |
मंगलवार की शाम झारखंड की दो बेटियों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने कॉमनवेल्थ खेलों में पहली बार लॉन बॉल में स्वर्ण पदक जीतने में कामयाबी हासिल की। कॉमनवेल्थ गेम्स के 92 साल के इतिहास में ये पहला मौका है जब भारत के हिस्से लॉन बॉल में कोई भी पदक आया है। वैसे भारत ने लॉन बॉल स्पर्धा में पहली बार 2010 में ही हिस्सा लिया था। झारखंड की रूपा रानी तिर्की व लवली चौबे ने दो अन्य खिलाड़ियों नयनमोनी सैकिया व पिंकी सिंह के साथ मिलकर महिला 4 के खिताबी मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 17-10 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। दोनो की स्वर्णिम सफलता पर मुख्यमंत्री, खेल मंत्री समेत लॉन बॉल संघ के समस्त पदाधिकारियों, खिलाड़ियों व खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।
रूपा रामगढ़ में DSO है जबकि लवली रांची जिला बल में आरक्षी
रूपा रानी तिर्की रामगढ़ में जिला खेल पदाधिकारी है जबकि लवली चौबे रांची जिला पुलिस की आरक्षी हैं। जिन्हें पिछले वर्ष खिलाड़ी कोटे से सीधी नियुक्ति की गई थी।
कॉमनवेल्थ गेम्स के पोडियम पर खड़े होकर राष्ट्रगान गाने की अनुभूति को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है। खुश हूं कि 15 साल की कड़ी मेहनत का सुखद परिणाम आया है। मेरे खेल करियर में योगदान देनेवाले सभी लोगों का साधुवाद, बगैर आपके सहयोग के ये संभव नहीं होता।
रूपा रानी तिर्की, स्वर्ण पदक विजेता सह DSO, रामगढ़