| रांची |
झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) से बाहर निकाल दिए गए झारखंड के युवा वेटलिफ्टर रोहन कुमार महतो ने यूथ नेशनल वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत लिया है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नरगोटा भगवान शहर स्थित रेनबो इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित U 17 बालक के 89 किलोग्राम वर्ग में रोहन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया। रोहन महतो पिछले 5 वर्षों से JSSPS के प्रशिक्षु रहा और इसी वर्ष रोहन महतो को कमतर खिलाड़ी बता प्रबंधन ने उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया। रोहन महतो ने अपने प्रदर्शन से JSSPS प्रबंधन के निर्णय को गलत साबित कर दिया है। रोहन के शानदार प्रदर्शन पर उनके कोच गुरविंदर सिंह, झारखंड वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव अनिल जायसवाल समेत कई पदाधिकारियों व खेल प्रेमियों ने बढ़ाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
JSSPS के 7 वेटलिफ्टर SAI हाई परफॉर्मेंस सेंटर के लिए हुए थे चयनित, प्रबंधन ने 2 को छोड़ 5 को बाहर निकाला
JSSPS के कुल 7 वेटलिफ्टर अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत SAI के तीन हाई परफॉर्मेंस सेंटर के लिए चयनित हुए थे। प्रशिक्षण, किट और भोजन की व्यवस्था SAI HPC सेंटर करते हैं लेकिन बच्चे अपने मूल प्रशिक्षण स्थान से ही प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। JSSPS ने इन 7 वेटलिफ्टर में से मात्र दो बाबूलाल हेंब्रम और अमन मुंडा (दोनों पटियाला SAI HPC) को JSSPS में रखा है जबकि 5 अन्य वेटलिफ्टर ओम कुमार व हर्ष हेंब्रम (दोनों औरंगाबाद SAI HPC) तथा रोहन कुमार महतो, राज मरांडी और सीमा मरांडी (तीनों लखनऊ SAI HPC) को बाहर निकाल दिया।
11वीं में नामांकन के लिए परेशान हैं रोहन कुमार महतो
JSSPS में रहते हुए रोहन ने इसी वर्ष 10वीं की परीक्षा पास की। लगातार प्रशिक्षण और प्रतियोगिता में भाग लेने के कारण वो 11वीं में कहीं भी नामांकन नहीं करा पाया। ऐसे में उसके समक्ष स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भाग लेने पर संशय के बादल मंडरा रहे हैं। रोहन के अलावा एक अन्य वेटलिफ्टर सीमा मरांडी का नामांकन 9वीं कक्षा में कहीं नहीं हो पाया है और उसके समक्ष भी SGFI की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने की चुनौती है।







