| रांची |
JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में शनिवार को रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) के पदाधिकारियों और पंजीकृत क्लब के बीच पहले से तय छह बिंदुओं पर हुई बैठक में लोकतांत्रिक व्यवस्था पारदर्शी और सुदृढ़ करने की मांग क्लब के प्रतिनिधियों ने रखी। क्लब संचालकों ने विगत दो वर्षों से वार्षिक आम सभा (AGM) नहीं होने और कई वर्षों के आय व्यय का ऑडिट नहीं होने का मसला मजबूती से उठाया। मांग की गई कि पहले संघ में JSCA और RDCA के नियमों के तहत लोकतांत्रिक व्यवस्था लागू की जाए न कि फैसले अलोकतांत्रिक तरीके से थोपे जाएं। प्रतिवर्ष ससमय AGM कराने और ऑडिट रिपोर्ट देने और सदस्यों की सूची सार्वजनिक करने का आग्रह किया गया। बैठक में RDCA के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, उपाध्यक्ष विभूति अमर, कार्यकारी सचिव शंभू शरण सिन्हा समेत कई पदाधिकारी और क्लब के करीब 30 प्रतिनिधि शामिल हुए।
RDCA की ओर से आयोजित इस बैठक के लिए कुल छह एजेंडे तय किये गए थे
1. आगामी क्रिकेट सत्र के आयोजन पर चर्चा
2. पंजीकृत टीमों/क्लबों के पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेजों की समीक्षा।
3. टूर्नामेंट की नियमावली एवं आयोजन संबंधी विषय।
4. मैच कार्यक्रम एवं मैदान संबंधी व्यवस्था।
5. खिलाड़ियों के पंजीकरण एवं पात्रता संबंधी विषय।
6. टीमों से प्राप्त सुझाव एवं समस्याओं पर विचार।
इसमें पहले 5 बिंदुओं पर चर्चा न के बराबर हुई लेकिन छठे एजेंडे पर खुलकर चर्चा हुई।
पूर्व सचिव को लाखों रुपये उधार देनेवाले दरियादिल क्लब संचालक आज नाश्ता-पानी सर्व करने में व्यस्त दिखे
शनिवार को RDCA प्रबंधन और क्लब संचालकों की बैठक में पूर्व सचिव को लाखों रुपए उधार देनेवाले क्लब संचालक नाश्ता-पानी सर्व करने में व्यस्त दिखे। संभव है सेवा भाव के माध्यम से नए निजाम को उधार के लिए अपनी उपलब्धता बता रहे हों। पूर्व सचिव को उधार देनेवाले दो अन्य पदाधिकारी भी आज कार्यकारी सचिव के साथ कंधा मिलाकर बैठक में शामिल थे।
क्लब संचालक ने कार्यकारी सचिव पर लगाए गए आरोपों को सबके समक्ष दोहराया
जानकारी मिली है कि बैठक के दौरान एक क्लब संचालक ने कार्यकारी सचिव पर सभी के समक्ष तय शुल्क से ज्यादा पैसे लेने का आरोप दोहराया। कार्यकारी सचिव ने इस विषय पर अलग से बात कर मामला सुलझा लेने का आश्वासन दिया।







