| रांची |
रांची नगर निगम (RMC) ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ को होल्डिंग बकाए की एवज में 3 करोड़ 35 लाख 28 हजार 152 रुपए का बिल थमा दिया है। बिल वित्तीय वर्ष 2013-14 से लेकर 2025-26 तक के बकाए का है। RMC के अपर प्रशासक के हस्ताक्षर से 30 अगस्त को जारी पत्रांक 714/Rev. में उल्लेख है कि निगम द्वारा JSCA को होल्डिंग संख्या SAF/02/04/00192 निर्गत है और निगम द्वारा नियुक्त कंपनी के द्वारा उपलब्ध कराए गए एरिया के अनुसार JSCA पर डिमांड बिल जारी किया जा रहा है। बिल प्राप्ति के एक सप्ताह के अंदर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया है। RMC सूत्रों से जानकारी मिली है कि JSCA पूर्व से तय होल्डिंग की राशि लगातार जमा करता रहा है लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हुए नए निर्माण के बाद होल्डिंग स्पेस के नेचर में परिवर्तन हुआ है और कई नए निर्माण कार्य हुए हैं। इसे लेकर ही नया डिमांड बिल जेनरेट किया गया है। JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में 30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होनेवाले वन डे मैच और कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) के 21 सितंबर को होनेवाले चुनाव से पहले मिले इस नोटिस के मायने गहरे हैं।
परस्पर विरोधाभाषी हैं पत्र व पत्र के साथ संलग्न दस्तावेज
RMC के अपर प्रशासक का पत्र और उसके साथ संलग्न दस्तावेज परस्पर विरोधी हैं। पत्र में जिक्र है कि JSCA का होल्डिंग नंबर SAF/02/04/00192 है जबकि संलग्न दस्तावेज में पुराना होल्डिंग नंबर 0410001855000A1 बताया जा रहा है। साथ में ही पत्र में जिस नंबर को होल्डिंग नंबर बताया जा रहा वो संलग्न दस्तावेजों में आवेदन संख्या के रूप में दर्ज दिख रहा है। आवेदन की तारीख 4 अगस्त 2025 दर्ज है। मतलब साफ है कि या तो अपर प्रशासक को जानकारी का अभाव है या निजी एजेंसी भ्रामक जानकारी दे रही है।


क्या कहते हैं जिम्मेवार
इस विषय पर JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव और नगर निगम के अपर प्रशासक का पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों ओर से कोई जवाब नहीं मिल पाया है।







