| रांची |
पिछले 10 वर्षों से रिपेयरिंग और रेनोवेशन की बाट जोह रहे मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के दिन जल्द ही बहुरने जा रहे हैं। बुधवार को प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा नियुक्त कंसल्टेंट MASS & VOID ने प्रेजेंटेशन दिया। मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के सभी 11 स्टेडियमों और ओपन स्पेस की रिपेयरिंग और रेनोवेशन का काम लगभग 175 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। प्रेजेंटेशन के दौरान कई विषयों पर मुख्यमंत्री ने कंसल्टेंट से कई विषयों पर कारण पृच्छा की और इस बात पर जोर दिया कि रिपेयरिंग के दौरान अंतरराष्ट्रीय खेल मानकों का पूरा ख्याल रखा जाए। निर्माण खर्च का वहन CCL अपने CSR फंड से करेगा। इस संबंध में झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) की गवर्निंग काउंसिल ने तत्कालीन मुख्य सचिव सुखदेव सिंह की अध्यक्षता में 2021-22 में ही नीतिगत निर्णय ले लिया था। बैठक के दौरान पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के अलावा राज्य सरकार और CCL के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।


| खेल विश्वविद्यालय खोलने की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द से जल्द पूरी की जाएं और मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अपग्रेडेशन में अंतर्राष्ट्रीय खेल मानकों के अनुरूप आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल सुनिश्चित हो।
हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री |
जल्द ही फ्लोट होगा टेंडर
मुख्यमंत्री की सहमति के बाद अब बहुत जल्द झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के द्वारा जल्द ही टेंडर फ्लोट किया जाएगा। प्रयास ये है कि अगले 18 माह के अंदर सभी स्टेडियमों की रिपेयरिंग और रेनोवेशन का काम सम्पन्न कर लिया जाए।
रिपेयरिंग के बाद 5 साल तक मेंटेनेंस का जिम्मा भी रिपेयरिंग करनेवाली कंपनी का होगा
राज्य सरकार पुरानी गलतियों से सीख लेते हुए आगे बढ़ रही है। सरकार के निर्देश पर ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि स्टेडियम की रिपेयरिंग करनेवाली एजेंसी को ही अगले पांच साल तक संपूर्ण मेंटेनेंस का जिम्मा उठाना होगा। इसके लिए कोई भी अतिरिक्त भुगतान नहीं किया जाएगा। इस प्रावधान से प्रतिवर्ष AMC के नाम पर खर्च हो रहे करोड़ों रुपए की बचत भी होगी।
इन स्टेडियमों का होगा कायाकल्प
1. बिरसा मुंडा मुख्य एथलेटिक्स स्टेडियम और प्रैक्टिस स्टेडियम
2. टेनिस स्टेडियम
3. विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम
4. वीर बुधु भगत एक्वेटिक स्टेडियम
5. गणपत राय इंडोर स्टेडियम
6. हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम
7. सिद्धों कान्हो वेलोड्रॉम स्टेडियम
8. टिकैत उमराव शूटिंग स्टेडियम
9. अल्बर्ट एक्का कबड्डी एवं खो-खो स्टेडियम
10. एथलेटिक्स प्रैक्टिस स्टेडियम
11. फूलो झानो हिल एंड सैंड स्टेडियम के अलावा
एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग व VVIP गेस्ट हाउस की भी रिपेयरिंग होगी।
रिपेयरिंग पूरा होते ही मूर्त रूप लेगा खेल विश्विद्यालय
राज्य सरकार की तैयारी है कि रिपेयरिंग का काम खत्म होते ही खेल विश्विद्यालय को शुरू कर दिया जाए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उच्च स्तरीय बैठक के दौरान इस संदर्भ निर्देश दे दिए हैं। पता हो कि राज्य सरकार और CCL के बीच हुए MoU के शर्तों के अनुसार 2018 में खेल विश्वविद्यालय शुरू किया जाना था। सरकार की तैयारी है कि सत्र 2026-27 से ही खेल विश्वविद्यालय में एक दो विधा की पढ़ाई शुरू हो जाए लेकिन परिस्थितियां बता रही है कि 2027-28 सत्र से ही खेल विश्वविद्यालय पूर्ण रूप से फंक्शनल हो पाएगा।
2015-16 में 24.73 करोड़ की लागत से हुई थी रिपेयरिंग
वर्ष 2015-16 में CCL ने NBCC के सहयोग से 24.73 करोड़ रुपए की लागत से रिपेयरिंग और रेनोवेशन का काम करवाया गया था। वास्तविकता ये थी कि काम के नाम पर थूक से सतुआ साना गया था। मुख्य स्टेडियम और VVIP गेस्ट हाउस की रिपेयरिंग पर ज्यादा ध्यान दिया गया था और अन्य स्टेडियमों का व्हाइटवॉश करवाया गया था। रिपेयरिंग के बाद भी पिछले 9 वर्षों से मुख्य स्टेडियम के बेसमेंट पार्किंग में पानी जमा हुआ है और मछलियां पल रही हैं।
2021-22 से ही टल रहा था रिपेयरिंग का काम
JSSPS की गवर्निंग काउंसिल ने 2021-22 में ही मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की रिपेयरिंग का DPR बनाने का काम CMPDI को सौंपा था। CMPDI ने लगभग 65 करोड़ का बजट बताया इसके बाद अगली बैठक में ये जिम्मा भवन निर्माण विभाग को दिया गया। भवन निर्माण विभाग ने कंसल्टेंट की नियुक्ति कर ली थी लेकिन मामला रुका पड़ा था। सुदिव्य कुमार सोनू के मंत्री बनते ही मामला आगे बढ़ा।







