| रांची
चंदन भट्टाचार्य sportsjharkhand.com |
झारखंड गुमला के संत पैट्रिक स्कूल टीम ने 61 वर्ष बाद पहली बार सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट अपने नाम किया है। झारखंड के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है और गौरव की बात है। लेकिन इस खिताब को जीतने के पीछे की कहानी भी काफी दर्द भरी है। इस टीम के कप्तान हो या फिर अन्य खिलाड़ी सब की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। sportsjharkhand.com ने इन खिलाड़ियों से विशेष बातचीत की है। इस दौरान इन खिलाड़ियों ने अपना-अपना दर्द बयां किया है……
61वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल में संत पैट्रिक स्कूल गुमला ने 3-1 से वुंगाई हायर सेकेंडरी स्कूल मणिपुर को हराकर सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीता है। झारखंड गुमला के इस बालिका टीम ने झारखंड को एक बड़ा तोहफा दिया है। कई उतार-चढ़ाव, घर की माली हालत खराब रहने के बावजूद इन खिलाड़ियों ने पढ़ाई के साथ साथ अपने खेल को तवज्जों दिया और आज ऐतिहासिक जीत के साथ पहली बार इस ट्रॉफी को झारखंड के अपने नाम किया। लेकिन क्या इन खिलाड़ियों के निजी जिंदगी और दर्द को किसी ने जाना और समझा है !
हमारी टीम ने खिलाड़ियों के साथ खास बातचीत की है और उनके अभिभावक क्या काम काज करते हैं, इस संबंध में भी जाना है।
इस टीम के कप्तान रिया वर्मा कहती है की घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। उनके पिता दूसरों के घर में खाना बनाने का काम करते हैं और मां दिहाड़ी मजदूर है। घर की माली हालत खराब होने के बावजूद वो पढ़ाई और खेल में सामंजस्य स्थापित कर आज इस मुकाम को हासिल की है। उनके अभिभावक जी तोड़ मेहनत करते हैं और उन्हें पढ़ाने के साथ-साथ खेल के लिए भी प्रेरित करते हैं। वह चाहती है सरकार उनके पढ़ाई में आर्थिक रूप से मदद करें।


टीम की गोलकीपर ज्योत्सना बाड़ा का भी कहानी कुछ ऐसी ही है। उसके माता-पिता बेरोजगार है। 8 भाई बहनों में से एक बहन दिल्ली में घरेलू काम करती हैं और उसी से पूरा परिवार का भरण पोषण भी चलता है। ज्योत्सना कहती है, संघर्ष के बावजूद वह खेल को तवज्जो देती है। वह चाहती है कि पढ़ाई का खर्च और स्कूल फीस सरकार अपनी तरफ से दे तो थोड़ी मदद मिल जाएगी।


इस टीम की स्ट्राइकर अल्पा कहती है कि उनके माता-पिता छोटे किसान है। खेती-बाड़ी से ही घर का पूरा खर्च चलता है। पढ़ाई के साथ-साथ खेल का खर्च उठाने में कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वह लगातार जी तोड़ मेहनत करती है। वह भी सरकार से पढ़ाई का खर्च वहन करने की मांग कर रही है।


इस टीम के अधिकतर खिलाड़ियों की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है। किसी के पिता किसान है। तो किसी की मां दाई और दिहाड़ी मजदूरी करती है। इसके बावजूद इनके अभिभावक इन बच्चियों को पढ़ाने के साथ-साथ खेल में भी वो बेहतर करें, इस प्रयास में रहते हैं।
इस ऐतिहासिक जीत के पीछे इन खिलाड़ियों का दर्द छुपा है।







