रांची
टीम sportsjharkhand.com |
पूर्व क्रिकेटर समूह जमशेदपुर, झारखंड के शेषनाथ पाठक ने बोकारो जिला क्रिकेट संघ में व्याप्त एकाधिकार और अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई को लेकर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव देवाशीष चक्रवर्ती को आवेदन दिया है, आवेदन में कहा गया है कि बोकारो जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों पर हरला थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। लगातार सोशल और प्रिन्ट मीडिया के माध्यम से समाचार मिल रहे हैं कि बोकारो जिला क्रिकेट में स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों की अनदेखी कर मनमानी तरीके से जाली दस्तावेज तैयार कर बाहर राज्य के खिलाडिय़ों से मोटी रकम लेकर जिला/राज्य क्रिकेट टीम में चयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोप है इस कार्य में प्रत्यक्ष/परोक्ष रूप से जिला/राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों की मिलीभगत है। उन्होंने लिखा है कि मीडिया के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई है की बोकारो जिला क्रिकेट संघ के पदेन अध्यक्ष कोल डीआईजी को भी बैठक की जानकारी नहीं देकर अपने मनमाफिक कमिटी बनाकर भ्रष्टाचार किया जा रहा था। कई वायरल आडियो, वीडियो इस आरोप की पुष्टि कर रहे हैं और खुद एक भुक्तभोगी बाहरी खिलाड़ी के द्वारा हरला थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस आरोप की सत्यता और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ १९३५ की गरिमा, विश्वसनीयता और क्रिकेट खेल की मर्यादा का ख्याल रखा जाना अतिआवश्यक है। इतने गंभीर आरोप के बाद भी राज्य क्रिकेट संघ की चुप्पी समझ से परे है। इस मुकदमे में जेएससीए के निर्वाचित पदाधिकारी का नाम भी शामिल है।
विषय पर एक जांच समिति बनाकर शीघ्र कारवाई करने की मांग की गई है।