| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह हॉकी स्टेडियम में नया एस्ट्रो टर्फ बिछाने का काम गुरुवार से शुरू हो गया। अगले एक पखवाड़े में एस्ट्रो टर्फ पूरी तरह बिछ जाने की संभावना है। इसके बाद सेंटर फॉर एक्सीलेंस के बच्चों को अभ्यास के लिए बरियातू स्थित एस्ट्रो टर्फ जाने की समस्या का समाधान हो जाएगा।


पिछले लगभग एक साल से निर्माण कार्य चल रहा है
मोराबादी हॉकी स्टेडियम के ग्रीन सिंथेटिक टर्फ को बदलकर इस टर्फ को लगाया जा रहा है। ऐसे टर्फ में ओलंपिक के मैच भी होते हैं। इस बदलाव से झारखंड में भी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैच एक बार फिर शुरू हो सकेंगे। पिछले कुछ वर्षों में यह टर्फ काफी खराब हो चुका था, कोई भी प्रतियोगिता यहां नहीं करवाई जा रही थी।


हालांकि आने वाले समय में अब स्टेडियम में और भी कई बदलाव देखने को मिलेंगे। लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का स्प्रिंकलर सिस्टम भी लगाया जा रहा है। आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम एक बार फिर जल्द ही नए स्वरूप में दिखने लगेगा।


अंतरराष्ट्रीय स्तर का टर्फ
पहली बार रांची में ब्लू टर्फ लगाया जा रहा है। इससे पहले इसी स्टेडियम में 2011 के राष्ट्रीय खेलों के दौरान और 3 वर्ष पहले बरियातू स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स स्कूल परिसर में भी जो टर्फ लगाया गया है, वह हरे रंग का था।









