रांची/सिमडेगा
टीम sportsjharkhand.com |
13 से 26 अप्रैल 2023 तक राऊलकेला, उड़ीसा में आयोजित 13वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2023 के लिए झारखंड महिला टीम का गठन किया गया है। इसके लिए हॉकी खिलाड़ियों का चयन ट्रायल एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में आयोजित किया गया। इसमें झारखंड के सिमडेगा, रांची, खूंटी, गुमला, हजारीबाग जिला, सहित साई रांची और हजारीबाग के कई महिला हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन सभी खिलाड़ियों के सभी कागजात जांच के बाद इनका कई टीम बनाकर आपस में मैच कराया गया और इस ट्रायल से 33 खिलाड़ियों को चयनित किया गया है।
18 खिलाड़ियों का होगा चयन
अब इन खिलाड़ियों का विशेष प्रशिक्षण कैंप आयोजित होगा। प्रशिक्षण शिविर में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 18 खिलाड़ियों को चयनित कर झारखंड टीम से खेलने का अवसर दिया जाएगा।
खेलो इंडिया दस का दम महिला हॉकी टूर्नामेंट का समापन
भारतीय खेल प्राधिकरण एवं हॉकी इंडिया के दिशा निर्देशानुसार शुक्रवार 10 मार्च 2023 को एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में हॉकी झारखंड के द्वारा हॉकी सिमडेगा के सहयोग से महिला खिलाड़ियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से खेलो इंडिया महिला हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। जिसमें सब जूनियर स्तर की 4 टीम और जूनियर स्तर की चार महिला टीम ने भाग लिया।
खेलो इंडिया 10 का दम महिला हॉकी टूर्नामेंट में आवासीय हॉकी सेंटर सिमडेगा, आवासीय हॉकी सेंटर बरियातू रांची, आरसी मध्य विद्यालय करगागुड़ी और हॉकी क्लब कोरोमिया की टीम ने जीत हासिल की है।