| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आगाज राजधानी रांची के खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया गया। मौके पर प्रदेश भाजपा के नेताओं के आलावे रांची सांसद संजय सेठ और केंद्रीय कोयला मंत्री प्रल्हाद जोशी, केंद्रीय खेल राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक समेत कई लोग मौजूद थे।


रांची के खेलगांव में शुक्रवार से 19 फरवरी तक चलने वाला सांसद खेल महोत्सव का आगाज रंगारंग कार्यक्रमों के बीच हुआ। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी और केंद्रीय खेल राज्यमंत्री निशीथ प्रमाणिक विशेष रूप से मौजूद रहे। महोत्सव में रांची के 3000 से अधिक खिलाड़ी शामिल हो रहे है। झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में 6 प्रकार के खेलों से जुड़ी प्रतिस्पर्धा हो रही है। इसमें बैडमिंटन, एथलेटिक्स, वुशु, तीरंदाजी, योगासन और कबड्डी को शामिल किया गया है। 3 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में 650 से अधिक मेडल और ट्रॉफी प्रतिभागियों को दिया जाएगा। तीन दिवसीय महोत्सव के लिए 3087 प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
रांची लोकसभा क्षेत्र के 17 प्रखंडों के खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
रांची लोकसभा क्षेत्र के सभी प्रखंडों से खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता में रांची लोकसभा क्षेत्र के 17 प्रखंड और 53 वार्डों का प्रतिनिधित्व हो रहा है। लगभग 200 पंचायतों से खिलाड़ियों की सहभागिता हो रही है। खेल महोत्सव के उद्घाटन के मौके पर कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को केंद्रीय मंत्रियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। जिसमें पूर्व हॉकी खिलाड़ी समुराई टेटे, पूर्व ओलंपियन मनोहर टोपनो, आदित्य गौरव, चंचला कुमारी, अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज बबीता कुमारी भी इस दौरान सम्मानित हुए।
सांसद खेल महोत्सव में विभिन्न
प्रतियोगिताएं सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक देखने को मिलेंगी। समापन समारोह 19 फरवरी को दोपहर 2 बजे होगा।







