| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
क्या आपकी पटरी JSCA के पदाधिकारियों के साथ बैठती है ? हां ! तो पहले आप आजीवन सदस्य बनाए जाएंगे फिर आपको रणजी ट्रॉफी मुकाबला भी खेलाया जाएगा। आश्चर्यचकित होने की जरूरत नहीं है। 1 मई 2022 को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा में पिछले एक दशक से रणजी में पदार्पण का सपना संजोय मोनू कुमार सिंह को आजीवन सदस्य बनाए जाने की घोषणा होती है। फिर 10 दिसंबर को चयनकर्ताओं द्वारा नकारे जाने के बावजूद दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में JSCA अध्यक्ष के इशारे पर व्हाट्सएप के जरिए मोनू झारखंड रणजी टीम का हिस्सा बनता है। फिर 16 जनवरी 2023 को मोनू को पांडिचेरी के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में पदार्पण करने का अवसर भी मिल जाता है।
पूरे प्रकरण से स्पष्ट है कि अगर आप TTML (ताबड़तोड़ तेल मालिश) के गुण से परिपूर्ण हैं और आपके संबंध JSCA के वर्तमान पदाधिकारियों से मधुर हैं तो आपके रणजी खेलने की संभावना सबसे ज्यादा है। पहले भी ऐसा ही होता था लेकिन गिने चुने मौके पर। पहले महिमा लाल, हरे, लाल, गुलाबी गांधी जी की ज्यादा होती थी। कुछ पदाधिकारी गांधी जी के पयावाले स्टिंग में पकड़े गए, हड़काए गए फिर उन्हें धंधे पानी चमकाने के लिए उच्च पदों पर आसीन करा दिया गया। ऐसे में यही हश्र होना था।
JSCA मतलब वोटर का, वोटर के द्वारा, वोटर के लिए चलाया जानेवाला क्रिकेट
झारखंड में क्रिकेट का प्रशासन संभाल रही JSCA के काम करने के तौर तरीकों पर गौर करें तो साफ है कि यहां का क्रिकेट वोट बैंक सुदृढ़ करने का जरिया मात्र बन कर रह गया है। टीम चयन की बात करें तो टीम में ज्यादातर खिलाड़ी वोटर हैं, उन्हें प्रशिक्षण देनेवाले वोटर हैं और तो और खिलाड़ियों का चयन करनेवाले भी JSCA के वोटर हैं। आप नजर दौड़ाईये
रणजी मुकाबले में पांडिचेरी के खिलाफ झारखंड के प्लेइंग 11 में शामिल
क्रिकेटर
सौरभ तिवारी, शाहबाज नदीम, कुमार देवव्रत, आशीष कुमार व मोनू कुमार JSCA के आजीवन सदस्य हैं।
टीम के कोच
सतीश सिंह, राव एस बी शिवशंकर और राजेश कुमार तीनों वोटर हैं
टीम के चयनकर्ता
सुब्रतो दास, अनवर मुस्तफा, केपी शशि नायर और देवाशीष चक्रवर्ती (कन्वेनर) सभी के सभी वोटर हैं।
ऐसे में JSCA द्वारा चलाए जा रहे क्रिकेट को वोटर का, वोटर के लिए और वोटर के द्वारा चलाए जा रहे क्रिकेट कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।







