| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
रांची रेल मंडल के मुख्यालय के समीप स्थित हटिया एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में आज (सोमवार) को 43वीं अखिल भारतीय महिला रेलवे हॉकी चैंपियनशिप 2022- 2023 के फाइनल मुकाबले में रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला और मध्य रेलवे की टीम के बीच खिताबी मुकाबला खेला गया। फाइनल मुकाबले में मध्य रेलवे ने 2-0 से रेलवे कोच फैक्ट्री कपूरथला को हरा खिताब पर कब्जा किया है।


देखें परिणाम
बता दें कि दक्षिण पूर्व रेलवे, रांची रेल मण्डल द्वारा हटिया स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 20 दिसंबर 2022 से 26 दिसंबर 2022 तक 43वीं अखिल भारतीय महिला रेलवे हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था।
आज खेले गए फाइनल मैच मे मध्य रेलवे (Central Railway) ने रेल कोच फ़ैक्टरी, कपूरथला (Rail Coach Factory, Kapurthala) को रोमांचक मुक़ाबले में 2-0 गोल से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से कप्तान रमनगइहजुआली आर एवं प्रीति दुबे ने 1-1 गोल किए।
फाइनल मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मध्य रेलवे (CR) की सुशीला चानू, चैंपियनशिप के सर्वश्रेष्ठ गोल कीपर का पुरस्कार रेल कोच फ़ैक्टरी, कपूरथला (RCF) की योगिता बाली एवं चैंपियनशिप की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मध्य रेलवे (CR) की प्रीति दुबे को दिया गया।
साथ ही चैंपियनशिप के तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में दक्षिण पूर्व रेलवे (South Eastern Railway) की टीम ने उत्तर मध्य रेलवे (North Central Railway) को 3-1 गोल से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से अणिमा मींज, मर्निया लालरमनघाकी एवं सलीमा टेटे ने 1-1 गोल तथा उत्तर मध्य रेलवे (North Central Railway) की ओर से गुरजीत कौर ने 1 गोल किए। इस मैच में मर्निया लालरमनघाकी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। तथा तीसरे स्थान पर रही दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) की टीम को शशि बाला मेमोरियल ट्रॉफी प्रदान की गयी।
समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इशाक खान पीसीईई अध्यक्ष सेरसा शामिल हुए। इन्होंने दोनों टीमों को बधाइयां दी है। जबकि रांची रेल मंडल के डीआरएम प्रदीप गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रुप मे मौजूद थे। इसके अलावा पूर्व ओलंपियन मनोहर टोपनो, असुंता लकड़ा समेत कई पूर्व और वर्तमान खिलाड़ी फाइनल मुकाबले का लुफ्त उठाने पहुंचे।
इस दौरान रांची रेल मंडल के सीनियर डीसीएम निशांत कुमार ने बताया कि रेलवे हमेशा खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए अग्रणी रहा है। खेल में हार जीत होती रहती है। पराजित टीम को निराश होने की जरूरत नहीं है। सभी ने उम्दा प्रदर्शन किया है।







