| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
चयनकर्ताओं ने एक सप्ताह तक चले ट्रायल व 90-90 ओवर के कई अभ्यास मुकाबलों के बाद 10 दिसंबर को रणजी ट्रॉफी के पहले तीन मैचों के लिए झारखंड की 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की। मोनू सिंह JSCA स्टेडियम व ऊषा मार्टिन यूनिवर्सिटी मैदान में आयोजित ट्रायल व अभ्यास मुकाबलों में चयनकर्ताओं को अपने प्रदर्शन से प्रभावित नहीं कर पाया। फलस्वरूप 20 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिल पाई। इसके बाद मैदान के बाहर की गोटियों “रातु रोड” और “जात-पात” कनेक्शन को साधते हुए मोनू “होटल अलकोर के कमरों” तक जा पहुंचा।
मोनू का सलेक्शन चयनकर्ताओं ने नहीं बल्कि JSCA अध्यक्ष के आदेश पर व्हाट्सएप ग्रुप में “ऐड” होने के कारण हुआ
JSCA स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी के पहले मैच में केरल के खिलाफ झारखंड की टीम को हार मिली। इसके बाद जमशेदपुर में गोवा के खिलाफ होनेवाले मुकाबले के 15 खिलाड़ियों व JSCA के कर्णधारों का व्हाट्सएप पर एक ऑफिशियल ग्रुप बना। JSCA आखिरी रूप से चयनित खिलाड़ियों को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ही बताता है कि आधिकारिक टीम में कौन कौन शामिल है। ग्रुप बनने से साफ हो गया कि टॉप 15 खिलाड़ी कौन हैं जो गोवा के खिलाफ होनेवाले मैच की टीम में शामिल हैं। मोनू इसमें शामिल नहीं था। ग्रुप बनने के अगले दिन अचानक व्हाट्सएप ग्रुप में मोनू को ऐड कर दिया गया। पता चला कि अध्यक्ष के आदेश पर मोनू का नाम जोड़ा गया है। इस तरह अध्यक्ष की पैरवी पर व्हाट्सएप ग्रुप के “16वें खिलाड़ी” के रूप में मोनू की इंट्री हो गई। इंट्री होते ही हंगामा बरप गया।
दरअसल BCCI प्रत्येक मैच के लिए आधिकारिक तौर पर 15 खिलाड़ियों की टीम लिस्ट ही मांगता है। कभी कभार राज्य संघ “पैरवी पुत्रों” को अपने खर्चे पर टीम के साथ “अटैच” कर देते हैं। ऐसे मामले घरेलू मैदान पर ही ज्यादा होते हैं, “पैरवी पुत्रों” का मन रखने के लिए।







