| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
पिछले डेढ़ महीने से चल रही प्रतिज्ञा द्वारा संचालित माताओं के लिए मातृ शक्ति फुटबॉल टूर्नामेंट के सेमिफाइनल में 4 माताओं की टीम के बीच आज पोखरटोली मैदान (बिरसा मुंडा एयरपोर्ट) में एक प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
इस प्रतियोगिता में आज कुल तीन मैच खेले गए और काफी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इस टूर्नामेंट में मैचों के दौरान न सिर्फ माताओं को फुटबॉल खेलना था बल्कि 4 स्तरों में कुछ सामाजिक कार्यों को भी करना था। पहले स्तर में जहां माताओं को अपने टीम के लिए कोई मुद्दा चुनना था, वहीं दूसरे स्तर में उस मुद्दे को लेकर अपनी समझ बनानी थी। तीसरे स्तर में इन माताओं ने अपने घर और आस पास में उस जानकारी को साझा करते हुए सेमिफाइनल मैच खेला। फाइनल में पहुंचने वाली 2 माताओं की टीम को इसके बाद चौथे स्तर के लिए अपने अपने ग्राम सभा और समुदाय में इस जानकारी को साझा करना है और लोगों को उस मुद्दे के प्रति जागरूक करना है।
सेमि फाइनल के पहले मैच में नामकुम की माताओं ने पहानकोचा की माताओं को 5-0 से मात दी जिसमें अनूपा एक्का ने 2 गोल मारकर वीमेन ऑफ द मैच रही। दूसरे मैच में पदमपुर की माताएं छाता सौदाग की माताओं से भिड़ी जो ड्रा हो गई और फिर छाता सौदाग की टीम पेनाल्टी शूटआउट में 3-2 से विजयी हो गई। जिसमें ननकी धान (गोलकीपर 4 गोल बचाते हुए) को वीमेन ऑफ द मैच का खिताब मिला। मातृ शक्ति फुटबॉल टूर्नामेंट में रांची और खूंटी से इस बार कुल 32 टीमें (480 माताएं) हिस्सा ले रही हैं।
टूर्नामेंट में तीसरे स्थान के लिए पदमपुर की टीम का मुकाबला पहानकोचा की टीम से हुआ जिसमें पदमपुर की माताओं ने 4-0 से पहानकोचा की माताओं को मात दे दी।
इस पूरे टूर्नामेंट को प्रतिज्ञा की ओर से चंदन, लक्ष्मी, कृति, रेनु, राखी, रोबिन, नूपुर, अमन, विल्सन ने सुचारू रूप से संचालन करने में अहम योगदान दिया।







