| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
हॉकी इंडिया की ओर से हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी टूर 2023 का आयोजन किया गया है। विभिन्न राज्य होते हुए हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी झारखंड की राजधानी रांची पहुंची है। 9 दिसंबर की देर शाम रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर इस ट्रॉफी के साथ हॉकी के पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया था। वहीं 11 दिसंबर रविवार को हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी के प्रदर्शनी रांची के मोरहाबादी मैदान में किया गया। इस विशेष अवसर पर कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ-साथ विभिन्न खेल एसोसिएशन, खेल पदाधिकारी और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। मौके पर पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अशुन्ता लकड़ा, समुराय टेटे, हॉकी झारखण्ड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह, सांसद संजय सेठ,स्थानीय विधायक सीपी सिंह भी मौजूद थे। हॉकी ट्रॉफी के साथ आम लोगों में सेल्फी खींचने के लिए उत्साह देखते ही बन रहा था।
ठीक इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी का प्रदर्शनी लगाया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्रॉफी को हाथों में उठा कर भारतीय हॉकी टीम को शुभकामनाएं दी है।






गौरतलब है कि आम लोग भी इस ट्रॉफी का अवलोकन करने रांची के मोरहाबादी मैदान पहुंचे। मोरहाबादी मैदान से इस ट्रॉफी को रांची के विभिन्न चौक चौराहों पर भी लाया गया और प्रदर्शनी लगाया गया। जानकारी के मुताबिक दोपहर 2:00 बजे से रात 9:00 बजे तक जेडी हाई स्ट्रीट मॉल रांची में भी आम जनता के अवलोकन के लिए इस ट्रॉफी को प्रदर्शनी के लिए रखा गया है।
बता दें कि 13 जनवरी 2023 से उड़ीसा के राउरकेला और भुवनेश्वर में पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2023 का आयोजन हो रहा है। वर्ल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट को लेकर जोर शोर से तैयारियां भी चल रही है। इसी कड़ी में हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी टूर का भी आयोजन हुआ है।







