| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आज से शुरू हुए एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग के उद्घाटन मैच में पिछले वर्ष ए-डिवीजन की उपविजेता टीम लारसन क्लब चाईबासा ने बी-डिवीजन की चैंपियन टीम प्रताप क्रिकेट क्लब चाईबासा को एक नजदीकी मुकाबले में मात्र नौ रन से पराजित किया है।
इस जीत के साथ लारसन क्लब को चार अंक प्राप्त हुए है। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस प्रताप क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लारसन क्लब चाईबासा की पूरी टीम 32.2 ओवर में 207 रन ही बना सकी। इस टीम की ओर से जन्मजय ने आठ चौकों एवं एक छक्का की मदद से सर्वाधिक 63 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में मोईब अब्बास ने पांच चौकों और एक छक्का की मदद से 43 रन जबकि रितुराज सिंह ने 22 रनों का योगदान दिया। प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए सुधांशु पाल ने 46 रन देकर चार विकेट लिए। सौरभ मिश्रा और आदित्य चौहान को दो – दो सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित 35 ओवर में 208 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया लेकिन पुरे 35 ओवर में आठ विकेट खोकर 198 रन ही बना सकी और लक्ष्य से 9 रन दूर रह गयी। प्रताप क्लब की ओर से अशोक यादव ने चार चौकों एक छक्का की मदद से 45 रन, सुधांशु पाल ने 42, रुद्रा यादव ने 21 और सिद्धार्थ अग्रवाल के साथ चन्दन कुमार ने 19-19 रन बनाए। लारसन क्लब की ओर से विनीत ने 44 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जबकि सुरेंद्र कुमार और आनंद श्रीवास्तव को दो-दो विकेट मिले।
कल (शुक्रवार) को ए-डिवीजन लीग के अंतर्गत पिछले वर्ष की चैंपियन टीम यंग झारखण्ड क्रिकेट क्लब, चाईबासा का मुकाबला टॉउन क्लब चाईबासा से होगा।







