| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
हॉकी इंडिया ने बुधवार को स्पेन के वालेंसिया में 11-17 दिसंबर के बीच होने वाले एफआईएच महिला कप के लिए 20 सदस्यीय भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम की घोषणा की है। इस 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की चार महिला हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग चयनित किए गए हैं। इन चार खिलाड़ियों में ब्यूटी का चयन पहली बार सीनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। इससे पूर्व वह जूनियर भारतीय टीम की हिस्सा रहते हुए जूनियर वर्ल्ड कप सहित कई प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है और उसके शानदार खेल को देखते हुए उसे सीनियर टीम में जगह दी गई है। इनके अलावा टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम की हिस्सा रही निक्की प्रधान और सलीम टेटे के साथ पिछले कई अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम की फॉरवर्ड संगीता कुमारी भी हैं। निक्की प्रधान जहां खूंटी जिला की रहने वाली है। वहीं सलीमा टेटे सिमडेगा के सदर प्रखंड अंतर्गत बड़कीछापर की और संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग सिमडेगा के ही केरसई प्रखंड के एक ही गांव करगागुड़ी की रहने वाली है।













