| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज (मंगलवार) कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा ने मुलाकात की है। सुजीत मुंडा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि 4 दिसंबर से 17 दिसंबर 2022 तक आयोजित होने वाले ब्लाइंड क्रिकेट टी-20 वर्ल्ड कप के लिए उनका चयन टीम इंडिया में हुआ है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा को ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप में अच्छे प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने मौके पर सुजीत मुंडा को क्रिकेट किट भी प्रदान किया।
जमीन और घर देगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा को रांची में जमीन और उस जमीन पर घर देने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने सुजीत मुंडा से कहा कि राज्य सरकार आपके बच्चों की पढ़ाई का पूरा जिम्मा उठाएगी। आपके बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले यह राज्य सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है। नई खेल पॉलिसी के तहत स्कॉलरशिप और कैश अवार्ड का प्रावधान है, इसका लाभ आपको मिले इसे लेकर निर्देश दे दिया गया है।
सीएम हेमन्त सोरेन के समक्ष दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा और उनकी पत्नी अनीता तिग्गा ने कहा कि उनके पास रहने के लिए अपना कोई घर नही है। वर्तमान में भी मौसीबाड़ी, जगन्नाथपुर क्षेत्र में रहकर किसी तरह जीवन यापन करते हैं। उनकी आर्थिक स्थिति भी काफी दयनीय है। उनकी बातों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें हरसंभव राज्य सरकार की ओर से मदद देने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने खेल निदेशक को निर्देश दिया कि सुजीत मुंडा की आवश्यकताओं और समस्याओं के मद्देनजर नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को जो सुविधाएं दी जाती हैं, वे सुविधाएं उन्हें उपलब्ध कराई जाए।
मौके पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, खेल निदेशक सरोजनी लकड़ा और दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा की पत्नी अनीता तिग्गा उपस्थित थे।







