| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड में हॉकी के प्रति आम लोगों का जुनून किसी से छुपा नहीं है। रांची, खूंटी, सिमडेगा और गुमला के निवासियों के नसों में हॉकी दौड़ती है और इसकी बानगी देखनी हो तो चले आइए मोरहाबादी स्थित एकलव्य हॉकी प्रशिक्षण केंद्र। इस केंद्र में रोजाना एक “बाहरी खिलाड़ी” अपने बचपन के प्यार हॉकी के साथ अभ्यास में तीन-चार घंटे गुजारता है। 59 वर्षीय इस “बाहरी खिलाड़ी” का नाम है लुकस केरकेट्टा। मूलतः गुमला के पोखरा के रहने वाले लुकस सेना से वर्ष 2000 में रिटायर होने के बाद रांची के बरियातू स्थित गितिलकोचा में रह रहे हैं। लुकस रोजाना हॉकी स्टिक और गेंद लेकर मोरहाबादी या बरियातू स्थित एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम पहुंचते हैं और अभ्यास करते हैं। आप इन्हें रोजाना ड्रिबलिंग करते हुए देख सकते हैं। अभ्यास के दौरान लुकस इस बात का भी ख्याल रखते हैं उनके अभ्यास से प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों का अभ्यास बाधित न हो। लुकस नियमित रूप से रोजाना ग्राउंड में तीन से चार घंटा पसीना बहाते हैं। दीपावली के दिन भी वे दोपहर में अभ्यास में जुटे हुए थे।
कभी हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखा था लुकस ने
लुकस ने बचपन में ही हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य तय किया था लेकिन ये सपना पूरा न हो सका। फुल बैक और पेनल्टी कॉर्नर स्पेशलिस्ट लुकस सेना में रहते हुए आंध्र प्रदेश की ओर से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया। दर्जनों मैच खेले लेकिन देश की ओर से खेलने का सपना अधूरा रह गया। सपने भले ही पूरे न हुए हों लेकिन हॉकी के प्रति प्यार में कोई कमी नहीं आई है, वो अब भी बरकरार है। लुकस सिर्फ अभ्यास ही नहीं करते बल्कि झारखंड में होने वाले तमाम हॉकी मैच देखने के लिए भी पहुंचते हैं। हॉकी स्टिक और गेंद खुद से खरीदते हैं।


बचपन में बांस की स्टिक से जो प्यार हॉकी पर लिटाया वो प्यार आज भी लुकस की आंखों में साफ नजर आता है। लुकस के हॉकी के प्रति जुनून को
sportsjharkhand.com सलाम करता है।


| मैदान में पहुंचता हूं तो एनर्जी लेबल बढ़ जाता है। थकान जैसी कोई चीज महसूस ही नहीं होती। हाथ में हॉकी स्टिक और मैदान पर गेंद हो तो सिर्फ और सिर्फ आनंद की प्राप्ति होती है।
लुकस केरकेट्टा |


| इस उम्र में हॉकी के प्रति लुकस का प्यार अद्वितीय है। मैं पिछले चार वर्षों से लगातार उन्हें अभ्यास करता हुआ देख रहा हूं।
नरेंद्र सिंह सैनी, द्रोणाचार्य अवॉर्डी हॉकी कोच |









