| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
गुजरात में आयोजित 36वें राष्ट्रीय खेल में तीरंदाजी प्रतियोगिता में इंडियन राउंड के एकल पुरुष मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतने वाले गोल्डी मिश्रा को खेल मंत्री हफीजुल हसन ने रिकर्व खेलने के लिए मंगलवार को अत्याधुनिक धनुष उपलब्ध करा दिया गया है। पता हो कि खेल विभाग की ओर से गोल्डी को कई बार गुहार लगाए जाने के बावजूद रिकर्व के तीर धनुष उपलब्ध नहीं कराया गया था। इसके बाद वो टाटा आर्चरी अकादमी ज्वाइन कर चुके हैं। इस खबर को sportsjharkhand.com की टीम ने प्रमुखता से उठाया था।


गौरतलब है कि गोल्डी के कोच महेंद्र करमाली ने खेल निदेशालय के साथ-साथ जिला खेल पदाधिकारी को कई बार इस परेशानी से अवगत कराया था। 36वें नेशनल गेम में हिस्सा लेने से पहले भी इस ओर खेल विभाग का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। लेकिन जब गोल्डी ने टाटा आर्चरी अकादमी ज्वाइन कर लिया तब रिकर्व धनुष दिया गया।
इंडियन राउंड सिर्फ और सिर्फ भारत में ही खेला जाता है। तीरंदाजी में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए रिकर्व या फिर कंपाउंड इवेंट को अपनाना अनिवार्य है। गोल्डी मिश्रा का रुझान रिकर्व की ओर हमेशा से ही रहा है और इसे देखते हुए उन्हें इस धनुष की काफी जरूरत थी।
| झारखंड के डे बोर्डिंग और आवासीय सेंटरों में तीरंदाजी के उपकरणों अनुपलब्धता ही खिलाड़ियों के औसत या खराब प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह है।
महेंद्र करमाली, कोच, गोल्डी मिश्रा |
| कोच सर ने काफी मदद की है और इसी का नतीजा है मैं 36वें राष्ट्रीय खेल में स्वर्ण पदक जीत पाया हूं।
गोल्डी मिश्रा, गोल्ड मेडलिस्ट तीरंदाज |







