| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
36वें राष्ट्रीय खेल में हिस्सा लेने के बाद झारखंड के खिलाड़ी अब वापस लौट रहे हैं। आर्चरी की टीम भी लौट रही है, लेकिन लौटने के दौरान कुछ तीरंदाजों के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार किया गया है। यह हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि परिस्थितियां कह रही है। 36वें राष्ट्रीय खेल में हिस्सा लेने जब आर्चरी की टीम गुजरात जा रही थी। तब बाकायदा प्रेस विज्ञप्तियां जारी कर खिलाड़ियों के फ्लाइट से जाने की मुनादी की गई थी। लेकिन जब टीम प्रदेश लौट रही है, तो सभी तीरंदाजों के लिए एक सी व्यवस्था नहीं की गयी है। कोमोलिका बारी, अंकिता भगत, जयंत तालुकदार, कोच रोहित कोइरी और झारखंड तीरंदाजी संघ की महासचिव पूर्णिमा महतो आज दोपहर बाद फ्लाइट से रांची लौट रहे हैं। झारखंड के लिए तीरंदाजी में एकमात्र स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी गोल्डी मिश्रा ट्रेन से जमशेदपुर लौट रहे हैं। कारण क्या है, पता नहीं ?
लेकिन जब जाते वक्त संघ ने एकरूपता अपनाई थी, तो लौटते वक्त भी एकरूपता अपनाई जानी चाहिए थी। कुछ खिलाड़ी अहमदाबाद से सीधे मध्यप्रदेश के होशंगाबाद के लिए आज रवाना होंगे। जहां 9 से लेकर 16 अक्टूबर तक नेशनल रैंकिंग टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है।
| “मामले को लेकर खेल निदेशक सरोजिनी लकड़ा ने कहा कि किस कारण से ऐसी परिस्थिति बनी। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। लेकिन खिलाड़ियों को उचित सम्मान मिलना चाहिए। सभी खिलाड़ी एक समान है। वह एक समान सम्मान के हकदार हैं। इस मामले की जानकारी एसोसिएशन से लिया जाएगा। वहीं आगे से ऐसा ना हो इसे लेकर उचित कदम भी उठाया जाएगा।”
सरोजिनी लकड़ा, खेल निदेशक |







