| रांची |
झारखंड एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 आयोजन में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता – भाग 13
एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के दौरान इंटरनेट ब्रॉडबैंड से जुड़े हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर सामग्रियों का ठेका संदिग्ध दस्तावेजों के आधार पर दिया गया था। यही नहीं सरकार द्वारा तय मानकों के प्रतिकूल जाकर तीन की बजाय दो कोटेशन होने के बावजूद हॉकी झारखंड से जुड़े शशिकांत प्रसाद के बेटे के फर्म को काम अलॉट कर दिया गया। क्रय/निविदा समिति ने 9 अक्टूबर को बैठक की, बैठक की मिनट्स बताती है कि सिर्फ दो फर्मों ने अपने रेट कोट किए। सानिया कम्युनिकेशन और रौनक कुमार। इन्हीं में से रौनक कुमार को L 1 बताते हुए काम अलॉट कर दिया गया।
दस्तावेजों में ऐसे की गई हेरा फेरी
सानिया कम्युनिकेशन ने 5 अक्टूबर 2023 को निदेशालय को एक कोटेशन भेजा था, जिसका रिफरेंस नंबर 21 था। (देखें तस्वीर)


इसके बाद सानिया कम्युनिकेशन ने क्रय/निविदा समिति के समक्ष बंद लिफाफे में 9 अक्टूबर को एक और कोटेशन समर्पित किया जिसका रिफरेंस नंबर 15 था। मतलब तारीख चार दिन बढ़ गई लेकिन आश्चर्यजनक रूप से रिफरेंस नंबर 6 घट गया ! ये कैसे संभव है कि 5 अक्टूबर का रिफरेंस नंबर 21 और 9 अक्टूबर का रिफ्रेंस नंबर 15 ? आखिर उल्टी गंगा कैसे बही ?
(देखें तस्वीर)


यही नहीं 9 नवंबर के कोटेशन में ध्यान देने से ये साफ साफ दिखता है कि रिफरेंस नंबर, तारीख और हस्ताक्षर कॉपी पेस्ट किए गए हैं क्योंकि रिफरेंस नंबर और तारीख पर कट पेस्ट के दौरान ऊपर के भाग में कुछ दाग रह गए हैं जबकि हस्ताक्षर काफी धुंधला दिख रहा है। (देखें तस्वीर)


क्या कहा सानिया कम्युनिकेशन के प्रोपराइटर ने
जब इस विषय पर सानिया कम्युनिकेशन के प्रोपराइटर मोहम्मद अरशद से बात की गई तो उन्होंने दस्तावेज व्हाट्सएप पर भेजने की गुजारिश की और कहा कि दस्तावेज देखकर अपना पक्ष रखने का आश्वासन भी दिया। मैसेज देखने के बाद सवालों के जवाब देने के लिए उन्होंने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा।
झारखंड एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 आयोजन में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता पर जारी रहेगी हमारी विशेष पेशकश
बने रहिए sportsjharkhand.com के साथ







