| रांची |
2025 में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) पर कब्जे की लड़ाई का “मैदान” कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) के बहाने पूरे शबाब पर है। CCC पर कब्जा जमाने को लेकर दो गुट खुले तौर पर आमने सामने हैं। सत्ताधारी गुट 28 जुलाई को विशेष आम सभा (EOGM) बुलाकर आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AOA) में संशोधन की तैयारी में जुटा है। संशोधन के जरिए सत्ताधारी गुट एक साल के कार्यकाल को दो साल कर सितंबर में चुनाव टालने की रणनीति पर काम कर रहा है वहीं दूसरा गुट शिकायत लेकर कंपनी रजिस्ट्रार के पास पहुंच गया है। दूसरे गुट ने कंपनी रजिस्ट्रार के पास शिकायत की है कि EOGM का जो नोटिस AOA की धारा 18 के तहत जारी किया गया है वो पूरी तरह अवैध है। नोटिस जारी करने का अधिकार गवर्निंग कमिटी को है लेकिन नोटिस डायरेक्टर पार्थ सारथी सेन ने जारी किया है इसलिए EOGM को अवैध घोषित करते हुए इसपर तत्काल रोक लगाई। शिकायत पत्र में कुछ EOGM को अवैध बताते हुए कुछ और तर्क भी रखे गए हैं।
ADG आरके मालिक और IG अखिलेश झा आमने-सामने
अगले वर्ष JSCA पर कब्जे की लड़ाई को लेकर CCC के बहाने झारखंड पुलिस के दो वरीय अफसर आमने-सामने आ गए हैं। ADG आर के मलिक एक गुट का नेतृत्व कर रहे हैं तो दूसरी ओर का मोर्चा IG अखिलेश झा ने संभाल रखा है। ADG के गुट में JSCA अध्यक्ष संजय सहाय, CCC के उपाध्यक्ष संजय पांडे, JSCA के पूर्व उपाध्यक्ष/संयुक्त सचिव असीम कुमार सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी जैसे लोग मजबूती से जुटे हैं जबकि IG के गुट में CCC अध्यक्ष राजेश बॉबी, JSCA सचिव पिंटू दा, संयुक्त सचिव पीएन सिंह जैसे लोग मोर्चा संभाल रहे हैं। दोनों गुट पिछले दो माह से बैठक आयोजित कर अपना अपना शक्ति प्रदर्शन करने में जुटे हैं। मैदान भले ही CCC का दिख रहा हो लेकिन लक्ष्य सभी का अप्रैल 2025 में होनेवाला JSCA का चुनाव है। 1999 के बाद JSCA (पूर्व में BCA) का ये पहला चुनाव होगा जिसमें स्वर्गीय अमिताभ चौधरी की उपस्थिति नहीं होगी। 1999 में स्व अमिताभ चौधरी पहली बार चुनाव लड़े थे और अध्यक्ष पद पर संजय सिंह (टाटा) के हाथों पराजय झेलनी पड़ी थी। अमिताभ चौधरी को 172 वोट मिले थे।







