| रांची/जमशेदपुर |
पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीट, पूर्व खेल प्रशासक, झारखंड पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी व JMM नेता रहे बुधवा उरांव का मंगलवार की देर रात जमशेदपुर में निधन हो गया। लाग लपेट से सदैव दूर रहनेवाले मृदुभाषी बुधवा उरांव के निधन की खबर के बाद एथलेटिक्स जगत में शोक की लहर है। खेल कैसे किसी भी साधारण युवक की जिंदगी फर्श से अर्श तक पहुंचा सकता है इसकी जीती जागती प्रतिमूर्ति थे बुधवा उरांव। 1986 के सियोल एशियन खेलों में बुधवा उरांव तकनीकी फाल्ट के कारण स्वर्ण पदक जीतने से चूक गए थे। जीवन में खिलाड़ी, खेल प्रशासक, पुलिसकर्मी और राजनेता का किरदार निभानेवाले बुधवा उरांव को sportsjharkhand.com की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि।
…जब 2 रुपए की “पेनल्टी वसूलने” के जुनून में अंतरराष्ट्रीय एथलीट बन गए बुधवा उरांव
बुधवा उरांव के अंतर्राष्ट्रीय एथलीट बनने की कहानी कम रोचक नहीं। नई दिल्ली में 1982 के एशियन खेलों के बाद एथलेटिक्स की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए बुधवा तत्कालीन बिहार टीम की ओर से देश की राजधानी पहुंचे थे। बुधवा ने अपने जीवन में कभी भी सिंथेटिक ट्रैक नहीं देखा था। दिल्ली पहुंचते ही जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचने का निर्णय लिया। शाम का वक्त था। बुधवा स्टेडियम के अंदर पहुंचे लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें ट्रैक की ओर जाने से मना किया। गार्ड से नजर चुरा कर सिंथेटिक ट्रैक को हाथ से फील कर ही रहे थे कि दूसरे गार्ड ने धर दबोचा। गार्ड ने हड़काया और “दंड” के तौर पर 5 रुपए मांगे। बुधवा ने इतने पैसे नहीं होने की बात कही, गिड़गिड़ाए और अंततः मामला 2 रुपए की “पेनल्टी” जमा करने के बाद खत्म हो गया।
इस घटना के बाद बुधवा उरांव ने तय किया था कि पेनल्टी के पैसे इसी सिंथेटिक ट्रैक से वसुलूंगा और इसी घटना ने अंतर्राष्ट्रीय एथलीट बनने का जुनून पैदा किया। कालांतर में इसी सिंथेटिक ट्रैक पर दौड़ते हुए बुधवा ने नौकरी पाई और कई आउट ऑफ टर्न प्रमोशन भी लिए। बुधवा उरांव ने JMM के टिकट पर 2014 में मांडर विधानसभा से चुनाव भी लड़ा था और 2378 वोट लाकर नौवें स्थान पर रहे।
झारखंड के गौरव बुधवा उरांव को विनम्र श्रद्धांजलि।







