रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के चुनावी वार्षिक आम सभा (AGM) में मतदान की संभावना कम दिख रही है। सत्ताधारी गुट को चुनौती देने के लिए जमशेदपुर में बैठकों का दौर जारी है लेकिन रणनीति परवान नहीं चढ़ पा रही है। दूसरी ओर सत्ताधारी गुट की ओर से सचिव पद के लिए पूर्व सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा और कोषाध्यक्ष पद के लिए आलाकमान के विश्वासपात्र व निवर्तमान संयुक्त सचिव राजीव बधान का नाम तय हो चुका है। संयुक्त सचिव के पद पर बोकारो के पीएन सिंह सबसे आगे दिख रहे हैं। वर्तमान सचिव संजय सहाय उपाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। अन्य पदों के लिए भी “गूंगी गुड़ियाओं” की तलाश जारी है। जिला के सचिवों की जान सांसत में हैं, पता नहीं किस-किस को “कमिटि का बकरा” बनाया जाएगा। पुरानी कमिटि के ज्यादातर सदस्यों को रेस्ट दिया जाएगा, ये भी तय है। पूर्व की कमिटि के अध्यक्ष डॉ नफीस अख्तर व उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव को कूलिंग ऑफ जाना होगा जबकि कोषाध्यक्ष पीएस सेन 70 की उम्र सीमा पार कर चुके हैं।
नए अध्यक्ष की तलाश जारी
चुनावी रणनीति के तहत JSCA आलाकमान जमशेदपुर से अध्यक्ष की तलाश में जुटा है। उसे एक ऐसे “मौनमोहन” की तलाश है जो अध्यक्ष का टैग लगाकर TA/DA लेकर संतोष कर ले। अगर जमशेदपुर में ऐसा मौनमोहन नहीं मिलता है तो निवर्तमान सचिव संजय सहाय की भी लॉटरी लग सकती है। धुंध गुरुवार को छंट जाएगी क्योंकि सत्ताधारी गुट शुक्रवार 22 अप्रैल को नामांकन की तैयारी में जुटा है।